पटना। पटना में चर्चित व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या को लेकर बिहार की राजनीति में उबाल है। विपक्ष ने एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर जोरदार हमला बोला है। इस बीच बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने बड़ा बयान देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार से इस्तीफे की मांग की है।
राजेश राम ने कहा, “मैंने पीड़ित परिजनों से बात की। उन्होंने बताया कि घटना के बाद सीनियर एसपी को फोन किया गया, डीएसपी को कॉल किया गया, स्थानीय थाने को भी संपर्क किया गया – लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।” “बाद में जब ज़िलाधिकारी को फोन किया गया, उन्होंने कॉल रिसीव किया। उन्हें बताया गया कि पुलिस मदद नहीं कर रही है। लेकिन जिलाधिकारी को कॉल किए जाने के तीन घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचती है। यह शर्मनाक है।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने नीतीश कुमार पर सीधा हमला करते हुए कहा, “नीतीश कुमार का शासन अब बीमार हो चुका है। शासन-प्रशासन पूरी तरह सुस्त और असंवेदनशील हो चुका है। ऐसे हालात में मुख्यमंत्री और एनडीए गठबंधन को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।”
राजेश राम ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मांग करती है कि उन्हें सुरक्षा और न्याय दिया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पटना जैसे वीआईपी इलाके में पुलिस तीन घंटे तक नहीं पहुंचती, तो आम जनता की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है?
गौरतलब है कि गोपाल खेमका की हत्या के बाद कांग्रेस, राजद समेत तमाम विपक्षी दलों ने नीतीश सरकार को कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल करार दिया है। वहीं भाजपा और जदयू ने मामले की जांच की बात कहते हुए राजनीति न करने की अपील की है। लेकिन घटनाक्रम से साफ है कि यह मामला राज्य की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन चुका है।















