Assembly Election 2023 : कर्नाटक चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा को सरकार बनाने की उम्मीद

जनता को गठबंधन की सरकार नहीं चाहिए उनको एक स्थिर सरकार चाहिए और स्थिर सरकार ही लोगों के हित में काम कर सकती है... लोग डबल इंजन सरकार की तरफ देख रहे हैं और कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है। कांग्रेस कभी भी लोगों के मुद्दों पर खड़ी नहीं उतरी है उन्होंने सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति की है: कर्नाटक के मंत्री सी एन अश्वथ नारायण

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया है। कुल 224 सीटों के लिए जनता ने वोट कर दिया है। कई मीडिया संस्थानों के एग्जिट पोल में राज्य में किसी भी दल को बहुमत से सरकार बनाने की बात नहीं कही गई है। एग्जिट पोल त्रिशंकु विधानसभा की ओर इशारा कर रहा है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को अभी भी बहुमत का भरोसा है।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली ने कहा कि राजनीति में मेरे 55 वर्षों के अनुभव के अनुसार कांग्रेस को बहुमत मिलना चाहिए। कर्नाटक में कांग्रेस बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी। यहां की जनता वर्तमान सरकार के खिलाफ है और वो इस सरकार को हटाना चाहती है।

वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई का कहना है कि यूपी में एग्ज़िट पोल ने दिखाया था कि योगी जी वापस नहीं आएंगे लेकिन वे आए। कर्नाटक में भी पिछली बार एग्जिट पोल में भाजपा को 80 और कांग्रेस को 107 सीटें दी गई थीं, लेकिन इसका उल्टा हुआ। हमें विश्वास है कि हम बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएंगे। हमें 200% विश्वास है कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ फिर से सरकार बना रही है। इस बात का कोई सवाल ही नहीं उठता कि कोई इस चुनाव में किंगमेकर की भूमिका अदा करेगा। एक्जिट पोल हड़बड़ी में किए गए हैं जिसमें बहुत सारी गड़बड़ियां है। पिछली बार भी एक्जिट पोल गलत साबित हुए थे और इस बार भी गलत साबित होंगे।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बहुमत हासिल करने वाली है, एग्जिट पोल भी बता रहे हैं कि कांग्रेस पावर में आने वाली है।