COVID19 Update : विदेशों में बढ़ रहा है कोरोना, क्या असर भारत में भी होगा

देशभर में अब सक्रिय कोरोना मरीज डेढ़ लाख के ग्राफ से नीचे आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 1,24,868 है जो कि 531 दिन में सबसे कम है। रिकवरी रेट 98.29% है।

नई दिल्ली। भारत में कोरोना के दैनिक मामलों में भले ही कमी आई हो लेकिन जिस प्रकार से यूरोप सहित कई दूसरे देशों में कोरोना फिर से सुरसा की तरह मुंह खोल चुका है, लोगों को डर है कि क्या इसका असर भारत में भी होगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भले ही सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन व्यवहारिक रूप से इसे लोग मान नहीं रहे हैं।

शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार,भारत में पिछले 24 घंटे में #COVID19 के 10,302 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 11,787 लोग डिस्चार्ज हुए और 267 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। पिछले 24 घंटे में पूरे देश में आए कोविड के 10,302 नए मामलों में से 5,754 मामले केरल मेंं आए हैं और इस दौरान केरल में 49 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई।

बता दें कि ऑस्ट्रिया की दो तिहाई आबादी को पूरी तरह से कोविड वैक्सीन लग चुकी है। यह पश्चिमी यूरोप में सबसे धीमा है। पिछले एक हफ्ते से ऑस्ट्रिया में हर दिन 10 हजार से अधिक केस सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 15,145 मामले देखे गए हैं। ऑस्ट्रिया ने उन सभी लोगों के लिए लॉकडाउन लगा दिया है जिनका सोमवार तक टीकाकरण नहीं हुआ है। साल्जबर्ग और ऊपरी ऑस्ट्रिया जैसे प्रदेश कोविड की इस नई लहर से बुरी तरह से प्रभावित हैं। ये दोनों प्रदेश लॉकडाउन लगाने जा रहे हैं। सर्दियां आने के साथ ही यूरोप के कई देश लॉकडाउन की ओर देख रहे हैं। नीदरलैंड सरकार ने रात 8 बजे के बाद रेस्तरां बंद करने का ऐलान किया है और आंशिक लॉकडाउन की शुरुआत कर दी है। ऑस्ट्रिया के स्वास्थ्य मंत्री वोल्फगैंग म्यूकस्टीन ने रात्रि कर्फ्यू की अपील की है।