उत्तर प्रदेश में बढ़े अपराध, प्रियंका गांधी ने साधा सरकार पर निशाना

देश के गृहमंत्री जी "गहने लादकर निकलने" वाला जुमला देते हैं, लेकिन ये तो उप्र की महिलाओं को ही पता है कि उन्हें रोज किस तरह की चीजों से जूझना पड़ता है। इसलिए 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' जरूरी है। ताकि राजनीति में व सुरक्षा से जुड़ी नीतियां बनाने में महिलाओं की भागीदारी बढ़े।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नेता भले ही चुनावी मंचों और सार्वजनिक बातों में कहें कि उत्तर प्रदेश से अपराध खत्म हो गया है, लेकिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समय-समय पर उत्तर प्रदेश सरकार सहित केंद्र सरकार पर निशाना साधती रहती हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपराध की कुछ घटनाओं को लेकर शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह “गहने लादकर निकलने” वाला जुमला देते हैं, लेकिन ये तो राज्य की महिलाओं को ही पता है कि उन्हें रोज किस तरह की चीजों से जूझना पड़ता है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, “देश के गृहमंत्री जी ‘गहने लादकर निकलने’ वाला जुमला देते हैं, लेकिन ये तो उप्र की महिलाओं को ही पता है कि उन्हें रोज किस तरह की चीजों से जूझना पड़ता है।”


कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने जोर देकर कहा, “इसलिए ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ जरूरी है। ताकि राजनीति में व सुरक्षा से जुड़ी नीतियां बनाने में महिलाओं की भागीदारी बढ़े।”

गौरतलब है कि अमित शाह ने पिछले दिनों उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति की तारीफ करते हुए कहा था कि आज 16 साल की बच्ची भी गहने लेकर रात 12 बजे भी यूपी की सड़कों पर चल सकती है।