Delhi News, देश में बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम

माना जा रहा है कि पेट्रोल.डीजल के दाम अब जल्द ही बढ़ेंगे। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमत पहले ही बढ़ चुकी थी।

नई दिल्ली। पूरी दुनिया की नजर रूस और यूक्रेन के बीच हो रहे युद्ध पर है। यह कब खत्म होगा, किसी को नहीं पता है। इसका प्रभाव अब दुनिया की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। तय माना जा रहा है कि पेट्रोल.डीजल के दाम अब जल्द ही बढ़ेंगे। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमत पहले ही बढ़ चुकी थी। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के कारण केंद्र सरकार की ओर से इसे नहीं बढ़ाया गया था।

माना जा रहा है कि चुनावी नतीजों के बाद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी इजाफा देखने को मिल सकता है। इसी को लेकर आज पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से सवाल किया गया। हरदीप पुरी ने कहा कि तेल की कीमतें वैश्विक कीमतों से निर्धारित होती हैं। विश्व के एक हिस्से में युद्ध जैसे हालात हैं। उन्होंने कहा कि इससे तेल कंपनियां भी प्रभावित होंगी।

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के कारण हम भारत में तेल की कमी नहीं होने देंगे। आगे हम जो भी निर्णय लेंगे वह हम अपने नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए लेंगे। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के उस बयान पर भी तंज कसा जिसमें कांग्रेस नेता ने कहा था कि अपनी टंकी फुल करा लो। हरदीप पुरी ने कहा कि एक हमारे युवा नेता है, वे कहते हैं कि जल्द ही अपनी टंकी भरवा लीजिए। चुनाव ख़त्म हो गए हैं। सवाल पूछा गया कि टंकियां भरवा लीजिए क्योंकि तेल के दाम बढ़ने वाले हैं। टंकी अभी भरवा लो या बाद में भरवा लो, कभी ना कभी तो चुनाव आएगा। उन्होंने कहा कि यह कहना कि चुनाव के कारण सरकार ने तेल की कीमतों को नियंत्रित किया था, सही नहीं है… हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा किया जाए।