Delhi Rain : राजधानी दिल्ली में झमामझ बारिश, तापमान में आई गिरावट

मौसम विभाग की ओर से बुधवार को कहा राजधानी दिल्ली का मौसम अभी मानसून के लिए अनुकूल नहीं है। गुरूवार की सुबह जब इंडिया गेट के आसपास झमाझम बारिश हुई, तो लोगों को मानूसन का एहसास होने लगा। तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में झमाझम बारिश हो रही है। इंडिया गेट के आसपास लुटियंस दिल्ली में खूब बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को उमस से राहत मिली है। बारिश के वक्त रोशनी में कमी आई, जिससे वाहनों को लाइट जलाकर सडक पर चलना पडा।

गुरूवार की सुबह में भी भारतीय मौसम विभाग की ओर से कह दिया गया था कि अगले 2 घंटे में नई दिल्ली में कुछ जगहों (ITO, राजीव चौक, राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट, बुद्धा जयंती पार्क) और उत्तर प्रदेश के बड़ौत, बिजनौर, खतौली, सकोटी टांडा, किठौर, नरौरा, देबाई, अनूपशहर, जहांगीराबाद, बुलंदशहर, अतरौली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

लोगों का कहना है कि बारिश के इस मौसम में पहले इंडिया गेट के पार्क में घूमने का आनंद लेता था। लेकिन अभी यहां आना मना है। केंद्रीय परियोजना को लेकर यहां निर्माण कार्य जारी है। बारिश सवा दस बजे के करीब शुरू हुई। उस समय तक मंत्रालयों में काम करने वाले अधिकतर कर्मचारी-अधिकारी कार्यालय पहुंच गए। इसलिए अभी सडकों पर अधिक जाम नहीं देखने को मिला।

बीते दिन जब बारिश हुई थी, तो तेज हवा भी चली थी। उससे जनपथ, मौलाना आजाद रोड, खान मार्केट, मोती बाग जैसे कई इलाकों में दरख्त धराशायी हो गए थे। गुरुवार को केवल बारिश हुई, तो कहीं भी पुराने पेड आदि गिरने की खबर नहीं है।

वैसे, पहले कहा गया कि दिल्ली का मौसम अभी अनुकूल नहीं है। इस बार यहां मानसून देरी से आएगी। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 77 व न्यूनतम 55 फीसदी रहा। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।