मुंबई। कुछ दिन पहले ही अस्पताल से घर आए थे, अब दोबारा भर्ती करना पड़ा है। पारिवारिक सदस्यों का कहना है कि सांस लेने में परेशानी हो रही थी। डाॅक्टर की सलाह पर हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता दिलीप कुमार (Dilip Kumar) को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 98 वर्षीय एक्टर को छाती में दर्द और सांस लेने में दिक्कत की शिकायतों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया है। डाॅक्टरों की टीम तमाम जांच कर रही है, उसके बाद ही डाॅक्टरों की ओर से कुछ कहा जाएगा।
दिलीप कुमार को हिंदुजा अस्पताल (Hinduja Hospital) में भर्ती कराया गया है। डाॅक्टर नितिन गोखले की अगुवाई में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम दिलीप कुमार की देखरेख कर रही है। हालांकि अस्पताल की ओर से अभी उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। पिछले महीने भी दिलीप कुमार को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उन्हें रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि टेस्ट होने के बाद उन्हे जल्द ही अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था।
बता दें कि जून के पहले हफ्ते की शुरुआती दिनों में ही बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार (Dilip Kumar) को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनके फैंस इस खबर से परेशान हो गए थे। इसी बीच दिलीप कुमार की मौत की अफवाहों ने फैंस की धड़कनें और तेज कर दीं।
तकरीबन पांच दशक से अधिक समय तक दिलीप कुमार ने फिल्मों में काम किया। बड़े पर्दे पर अपनी शुरुआत 1944 में की थी। आखिरी बार उन्हें बड़े पर्दे पर 1998 में किला फिल्म में देखा गया था। 1995 में उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 1998 में उन्हे पाकिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान निशान-ए-इम्तियाज़ भी प्रदान किया गया। वे आज भी प्रमुख अभिनेताओ जैसे शाहरूख खा़न (Shahrukh Khan) के प्रेरणास्रोत्र है।