EidAlAdha 2021 : हो गई घोषणा, 21 जुलाई को मनाई जाएगी बकरीद

जामा मस्जिद के नायब शाही इमाम सैयद शाबान बुखारी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि रात को ज़ुल हिज्जा का चांद दिख गया है और बकरीद का त्योहार 21 जुलाई को मनाया जाएगा।

नई दिल्ली। इस वर्ष बकरीद 21 जुलाई को मनाई जाएगी। इसकी घोषणा रविवार को कर दी गई है। राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध जामा मस्जिद के नायब शाही इमाम सैयद शाबान बुखारी सहित कई दूसरे लोगों ने इसकी पुष्टि कर दी है।

चांदनी चौक स्थित फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना डॉ मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया, दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहने की वजह से चांद नहीं दिख पाया है, लेकिन उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बिजनौर, नगीना, बिहार के पटना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल असम और मेघालय समेत कई राज्यों और शहरों में रविवार को इस्लामी कलेंडर के आखिरी महीने ज़ुल हिज्जा का चांद दिखने की खबर आई है और इसकी तसदीक (पुष्टि) हुई है। लिहाज़ा ईद-उल-अज़हा का त्योहार 10 ज़ुल हिज्जा यानी 21 जुलाई, बुधवार को मनाया जाएगा।

बता दें कि बकरीद उस दिन मनाया जाता है, जिस दिन चांद देखे 10 दिन हो जाता है। ईद उल अज़हा, जिसे आम बोलचाल में लोग बकरीद के नाम से जानते हैं, वह त्योहार ईद उल फित्र के दो महीने नौ दिन बाद आती है। लोग ईद के बाद से ही बकरीद का इंतजार करने लगते हैं।

इस साल का बकरीद भारत के लिहाज से बेहद खास है, क्योंकि यह पूरे देश में एक दिन ही मनाया जाएगा। जानकारी के लिए बता दें कि केरल में यह त्योहार भारत के हिसाब से नहीं, बल्कि अरब देशों के अनुसार मनाया जाता है। रमज़ान, ईद-उल-फित्र और बकरीद केरल में भारत के अनुरूप नहीं होता है। इस बार केरल में मुस्लिम संगठन ‘समस्त केरल जेम इय्याथुल उलमा’ ने उलेमा के हवाले से कहा कि नया चांद नहीं दिखा है। इसलिए इस साल केरल में भी 21 जुलाई को ही बकरीद मनाने का निर्णय हुआ है। इससे लोगों में बेहद खुशी है।

एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के प्रमुख पी हैदर अली शिहाब थंगल, समस्त अध्यक्ष मोहम्मद जिफरी मुथुकोया थंगल और अन्य उलेमा द्वारा संयुक्त रूप से ईद उल अज़हा मनाने की तारीख की घोषणा की गई है। अक्सर केरल में अरब देशों के साथ ईद का त्योहार मनाया जाता है, लेकिन ऐसा कई बार हुआ है कि केरल और देश के अन्य हिस्सों में एक ही दिन त्योहार मनाया हो, लेकिन आम तौर पर यह नहीं होता है।

मुस्लिम संगठन इमारत ए शरीया हिंद ने भी 21 जुलाई को बकरीद का त्योहार मनाने का ऐलान किया है। संगठन ने एक बयान में बताया कि इमारत ए शरीया हिंद की रुअत ए हिलाल (चांद समिति) के सचिव हकीमुद्दीन कासमी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तसदीक की गई कि देश के अन्य हिस्सों में चांद दिखा है, लिहाजा एक ज़ुल हिज्जा सोमवार को होगी और ईद-उल-अज़हा 21 जुलाई को मनाई जाएगी।