नई दिल्ली। भारतीय सेना की एक टुकड़ी बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास खान क्वेस्ट 2025 में भाग लेने के लिए मंगोलिया की राजधानी उलानबटार पहुंची है। यह अभ्यास 14 से 28 जून 2025 तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विश्वभर की सेनाओं के बीच सहयोग को बढ़ाना और उनकी शांति स्थापना क्षमताओं को सशक्त बनाना है।
‘खान क्वेस्ट’ की शुरुआत वर्ष 2003 में अमेरिका और मंगोलियाई सशस्त्र बलों के बीच एक द्विपक्षीय अभ्यास के रूप में हुई थी। वर्ष 2006 से यह एक बहुराष्ट्रीय शांति अभ्यास में परिवर्तित हो गया और वर्तमान में इसका 22वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है।
भारतीय सैन्य दल में कुल 40 कर्मी शामिल हैं, जिनमें मुख्य रूप से कुमाऊं रेजिमेंट की एक बटालियन के सैनिक हैं। इस दल में एक महिला अधिकारी और दो महिला सैनिक भी शामिल हैं।
यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के अंतर्गत शांति अभियानों के लिए सेनाओं को तैयार करने पर केंद्रित है। इसमें शारीरिक फिटनेस, संयुक्त योजना और सामरिक समन्वय को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रमुख अभ्यासों में चेकपॉइंट की स्थापना, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान, गश्त, नागरिकों की सुरक्षित निकासी, काउंटर-IED ड्रिल, प्राथमिक उपचार और हताहत निकासी शामिल हैं। यह अभ्यास प्रतिभागी देशों को रणनीति, तकनीक और सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को साझा करने का मंच प्रदान करेगा, जिससे सैन्य अंतर-संचालन, सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा मिलेगा।