काशी तमिल संगमम 3.0: नमो घाट पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय की गौरवपूर्ण विरासत, वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा ज्ञान परंपरा की प्रदर्शनी

 

वाराणसी। काशी और कांची की महान संस्कृतियों और सभ्यताओं के उत्सव में वाराणसी शहर सराबोर हो रहा है, तो काशी हिंदू विश्वविद्यालय भी इस ऐतिहासिक अवसर पर नमो घाट पर एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। विश्वविद्यालय अपनी गौरवपूर्ण विरासत, वैज्ञानिक उपलब्धियों, शोध और नवाचार, तथा ज्ञान परंपराओं को इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित कर रहा है।

चिकित्सा विज्ञान संस्थान के अंतर्गत आयुर्वेदिक फार्मेसी ने औषधियों की प्रदर्शनियाँ लगाई हैं, जबकि द्रव्यगुण विभाग आयुर्वेदिक औषधि निर्माण में उपयोग होने वाले औषधीय पौधों को प्रदर्शित कर रहा है। क्रिया शरीर विभाग द्वारा प्रकृति और नाड़ी परीक्षा का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसमें शरीर की संरचना के अनुसार खान-पान के बारे में बताया जा रहा है।

प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण हाइड्रोजन स्टोव और हाइड्रोजन से चलने वाली मोटरसाइकिल है, जिसे भौतिकी विभाग, विज्ञान संस्थान, द्वारा विकसित किया गया है। विभाग के प्रतिनिधि स्टोव और मोटरसाइकिल के संचालन का प्रदर्शन कर रहे हैं। “H2 वाहन” प्रोटोटाइप उन्नत हाइड्रोजन ईंधन सेल तकनीक का उपयोग करता है, जो शून्य-कार्बन उत्सर्जन प्रदान करता है। ये तकनीक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के काशी को “हाइड्रोजन सिटी” बनाने के सपने को वास्तविकता के करीब लाती है।

कृषि विज्ञान संस्थान अपने अनुसंधान नवाचारों और बीएचयू हाइब्रिड बीजों का प्रदर्शन कर रहा है, जो किसानों की कृषि उत्पादकता बढ़ाने में मदद कर रहे हैं।

दंत चिकित्सा संकाय दंत चिकित्सा समाधानों का प्रदर्शन कर रहा है, जिसमें सभी प्रोलैटिव उपचार जैसे कि दांतों की सड़न के लिए पुनर्निर्माण, माइक्रो सर्जिकल प्रक्रियाएँ, और पीरियडोंटल रोगों के लिए स्केलिंग और रूट प्लानिंग शामिल हैं। प्रदर्शनी में आधुनिक दंत चिकित्सा प्रक्रियाओं जैसे कि रूट कैनाल उपचार, दंत प्रत्यारोपण, और ऑनले और इनले का भी प्रदर्शन किया गया है।

इसके अतिरिक्त, प्रदर्शनी में दृश्य कला संकाय द्वारा ऋषि अगस्त्य पर केंद्रित काशी तमिल संगमम 3.0 के थीम पर विशेष चित्रकला का प्रदर्शन किया गया है। प्रदर्शनी के अन्य मुख्य आकर्षणों में जन्तु विज्ञान विभाग द्वारा डीएनए पर महत्वपूर्ण अनुसंधान तथा सेन्टर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स के वैज्ञानिकों व शोधार्थियों द्वारा डीएनए को लेकर विकसित रोचक कॉमिक भी शामिल हैं।