राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स के पहले दिन 50 मीटर राइफल प्रोन में मनीनी और ऐश्वर्य शीर्ष पर

 

नई दिल्ली। डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित राइफल/पिस्टल राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स 1 एवं 2 (ग्रुप-ए) के उद्घाटन दिन 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। राजस्थान की मनीनी कौशिक और 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के विश्व चैंपियनशिप रजत पदक विजेता ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने क्रमशः महिलाओं और पुरुषों की स्पर्धाओं में चयन ट्रायल-1 में शीर्ष स्थान हासिल किया।

महिलाओं की 50 मीटर राइफल प्रोन: मनीनी सबसे आगे

महिलाओं की 50 मीटर राइफल प्रोन टी-1 में मनीनी कौशिक ने 625.0 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। उनका प्रदर्शन पूरी तरह संतुलित और संयमित रहा, जिसमें उन्होंने 104.7, 104.2, 102.3, 104.6, 104.2 और 105 के स्कोर किए।
कर्नाटक की तिलोत्तमा सेन 622.6 अंकों के साथ दूसरे और केरल की विदर्शा के. विनोद 622.0 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रतिस्पर्धा की गहराई का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पांचवें से आठवें स्थान के बीच केवल 0.4 अंकों का अंतर रहा। झारखंड की सुप्रिया कुमारी (621.7) चौथे स्थान पर रहीं, जबकि मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट की प्रिया (620.7) पांचवें स्थान पर रहीं। हरियाणा की निश्‍चल (620.6), मध्य प्रदेश की आशी चौकसे (620.5) और पंजाब की सिफ्ट कौर समरा (620.4) शीर्ष आठ में शामिल रहीं।

पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन: ऐश्वर्य का दबदबा

पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन टी-1 में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाते हुए 629.6 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय चैंपियन ऐश्वर्य ने 105.3, 105.4, 105.7, 104.9, 103.7 और 104.6 के शानदार स्कोर के साथ अपने प्रतिद्वंद्वियों पर 3.2 अंकों की स्पष्ट बढ़त बनाई।
पूर्व विश्व चैंपियन अखिल श्योराण 626.4 अंकों के साथ दूसरे और मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन स्वप्निल कुसाले 625.3 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। आर्मी के निशान बुधा (623.8) और चेन सिंह (622.9) क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे। नौसेना के निखिल तनवर (621.9), आर्मी के बाबू सिंह पंवार (621.6) और नौसेना के नीरज कुमार (620.6) ने शीर्ष आठ में जगह बनाई।

रैपिड फायर पिस्टल में ओंकार सिंह आगे

25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टी-1 में नौसेना के ओंकार सिंह ने क्वालिफिकेशन के पहले चरण के बाद 295-14x के स्कोर के साथ बढ़त बना ली है। राजस्थान के भावेश शेखावत (292-9x) दूसरे और उत्तर प्रदेश के अंकुर गोयल (291-10x) तीसरे स्थान पर हैं। विश्व चैंपियनशिप रजत पदक विजेता अनीश भानवाला 286-12x के साथ फिलहाल सातवें स्थान पर हैं। इस स्पर्धा का दूसरा चरण और टी-1 फाइनल कल आयोजित किया जाएगा।

कल ही पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों में 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (टी-1) के फाइनल तथा 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा के टी-2 फाइनल भी खेले जाएंगे।