Manipur Assembly Election 2022 : मणिपुर में आज 173 लोगों के किस्मत का होगा फैसला

इंफाल। मणिपुर विधानसभा के लिए आज मतदान हो रहा है। मणिपुर में पहले चरण का मतदान सुबह 7:00 बजे शुरू हुआ जो कि शाम 4:00 बजे तक चलेगा। चुनाव आयोग ने इसके लिए पूरी तैयारी कर रखी है। मतदान के दौरान भारी सुरक्षा बलों की तैनाती है। इसके साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल का भी पालन कराया जा रहा है। बूथों पर मास्क और सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की गई है।

पहले चरण में ही मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह की भी परीक्षा है जो कि हिंगांग सीट से चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा उनके कैबिनेट सहयोगी थोंगम बिस्वजीत सिंह, एनपीपी प्रत्याशी व उपमुख्यमंत्री युमनाम जयकुमार सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता थोकचोम सत्यब्रत सिंह की भी प्रतिष्ठा दांव पर है। मणिपुर में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में है। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री विप्लब कुमार देब ने प्रचार किया है। जबकि कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी प्रियंका गांधी जयराम रमेश ने भी प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया है।

उपमुख्यमंत्री युमनाम जयकुमार सिंह ने इंफाल के एक मतदान केंद्र में मतदान किया। तस्वीरें नॉरमथोइंग अपर प्राइमरी स्कूल की हैं।