बारिश से परेशान होती है मुंबई, मौसम विभाग ने जारी किया रेल अलर्ट

मानसून में मुंबई पानी पानी होती रही है। कई इलाकों में जनजीवन ठप्प होता रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के बाद पूरी मुंबई को अलर्ट कर दिया गया है ।

मुंबई। बारिश मानो देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए परेशानी का सबब बनती है। बीते कई सालों से बारिश के मौसम में वहां का जनजीवन अस्तव्यस्त हो जाता है। कुछ दिन पहले बारिश ने वहां के जीवन को ठप्प कर दिया था। अब बुधवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय केंद्र ने मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

इसके बाद मुंबई के तमाम स्थानीय निकाय को भी अलर्ट कर दिया गया है। स्थानीय लोगों से आग्रह किया गया है कि मौसम तथा बारिश को देखकर ही घर से निकलने का मन बनाएं। बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. जयंत सरकार की ओर से कहा गया है कि इससे पहले मौसम विभाग ने ‘ओरेंज अलर्ट’ जारी किया था, लेकिन अब ‘अनुकूल समसामयिक परिस्थितियों’ के कारण बदलाव के बाद बुधवार के लिए इसे ‘रेड अलर्ट’ कर दिया गया है। महानगर में रविवार और सोमवार को भी भारी बारिश हुई।

उन्होंने यह भी कहा है कि मुंबई में आज और अगले कुछ दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए दो अनुकूल समसामयिक परिस्थितियां हैं। दक्षिण गुजरात तट से कर्नाटक तट तक कम दबाव के क्षेत्र से बारिश की तीव्रता तेज होने की उम्मीद है। उनके अनुसार, दूसरी बात मुंबई तथा पड़ोसी क्षेत्र में बनी ‘‘वायु प्रणालियां’’ हैं। कोंकण तथा मध्य महाराष्ट्र में भी व्यापक पैमाने पर बारिश होगी। मराठावाड़ा क्षेत्र में भी बृहस्पतिवार तक व्यापक बारिश होने की संभावना है और इसके बाद बारिश की तीव्रता कम हो सकती है।

मौसम विज्ञान विभाग कार्यालय के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र तथा कर्नाटक के बीच तट पर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है जिससे अकसर अरब सागर से जमीन पर नमी वाली पश्चिमी हवाएं चलती हैं। महाराष्ट्र में पूर्वी-पश्चिमी हवा प्रणालियां हैं और इससे मानसून के अनुकूल परिस्थितियां बन रही है। अधिकारी ने कहा, ‘‘कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र विशेष तौर पर घाट वाले इलाकों में बहुत भारी बारिश के लिए दो समसामयिक प्रणालियां हैं।’’