रांची। जब से हेमंत सोरेन ने झारखंड का मुख्यमंत्री पद संभाला, उस समय से ही राज्य के पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी पद को लेकर बयानबाजी होती रही है। सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसके बाद साल 2023 तक वर्तमान डीजीपी नीरज सिन्हा अपने पद पर बने रहेंगे।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा की पोस्टिंग को लेकर झारखंड सरकार की ओर से नयी अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस अधिसूचना के जारी होने के बाद उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले दो साल तक के लिए प्रभावी रहेगा। बता दें कि नीरज सिन्हा 2022 में रिटायर होनेवाले थे, लेकिन अब वे अपने पद पर 2 साल तक बने रह सकेंगे।
इस अधिसूचना के बाद गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे सहित नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मंराडी और प्रदेश भाजपा नेताओं ने इसे संविधान और नियमों का उल्लंघन बताया है। इस संदर्भ में भाजपा नेता सुप्रीम कोर्ट के प्रकाश सिंह वाले केस का हवाला दे रहे हैं। बावजूद इसके सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM से @JharkhandPolice के डीजीपी श्री नीरज सिन्हा ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री से यह उनकी शिष्टाचार भेंट थी। pic.twitter.com/cQbFEGLWHd
— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) July 16, 2021
बता दें कि राज्य सरकार द्वारा 13 जुलाई को जारी नयी अधिसूचना में कहा गया है कि 1987 बैच के आइपीएस नीरज सिन्हा को 11 फरवरी 2021 को अगले आदेश तक महानिदेशक एवं पुलिस महानिदेशक झारखंड के पद पर पदस्थापित किया गया था। नयी अधिसूचना के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रकाश सिंह एवं अन्य बनाम भारत सरकार एवं अन्य के मामले में पारित आदेश का अनुपालन करते हुए यूपीएससी द्वारा गठित इंपैनलमेंट समिति द्वारा अनुशंसित पैनल में शामिल नीरज सिन्हा पुलिस महानिदेशक सह महानिरीक्षक के पद पर पदभार ग्रहण करने की तिथि 12 फरवरी 2021 से 2 वर्ष यानी 11 फरवरी 2023 तक अथवा अगले आदेश तक पदस्थापित रहेंगे।
गौरतलब है कि गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे लगातार हेमंत सरकार पर डीजीपी की नियुक्ति को लेकर बयानबाजी करते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री को भी इस आशय का पात्र लिखा था। अब फिर सांसद निशिकांत दुबे सोशल मीडिया पर डीजीपी के मुद्दे को लेकर सक्रिय दिख रहे हैं।