Punjab Results 2022 : सीएम केजरीवाल से मिले मान, 17 मंत्रियों की होगी पंजाब सरकार

नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत हुई है। पार्टी विधायक दल के नेता के रूप में भगवंत मान को चुना गया है। भगवंत मान दिल्ली आकर आप के संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मिले। पूरी रणनीति और सरकार के गठन में चर्चा हुई। उसके बाद आज पंजाब के राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। यह तय माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सहित पंजाब सरकार के मंत्रिमंडल में अभी कुल 17 लोगों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।

आप नेता भगवंत मान ने कहा कि मेरी आप सभी (नवनिर्वाचित विधायकों) से अपील है कि अहंकार न करें। हमें उन लोगों का भी सम्मान करना होगा जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया… सभी विधायकों को उन क्षेत्रों में काम करना चाहिए जहां से वे चुने गए हैं, न कि केवल चंडीगढ़ में रहें। उन्होंने यह भी कहा कि मैंने पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है। अब शपथ ग्रहण ‘महलों’ में नहीं बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के गांवों में होगा। हम 16 मार्च को शहीद भगत सिंह के गांव में उन्हें श्रद्धांजलि के रूप में शपथ लेंगे।

भगवंत मान 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले 13 मार्च को अमृतसर में भगवंत मान का रोड शो होगा, जिसमें अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे। आपको बता दें कि पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की है। भगवंत मान धुरी से चुनाव जीते हैं।