कीव। यूक्रेन की राजधानी कीव में रातभर धमाकों और सड़कों पर घमासान के बाद शनिवार को रूसी सैनिक यहां प्रवेश कर गये और संघर्ष अब तेज हो गया है। वहीं संघर्ष बढ़ने के बीच यूक्रेन के नागरिक अब भूमिगत आश्रयस्थलों को तलाश रहे हैं।यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग पर पूरी दुनिया की नजर है। सैन्य रूप से कमजोर यूक्रेन अभी भी अपनी राजधानी कीव को रूस के हाथों से बचाने के लिए डटा हुआ है, वहीं रूसी सैनिकों को अब यूक्रेन में हर दिशा से आगे बढ़ने का आदेश दे दिया गया है। यूक्रेन की सड़के जंग का मैदान बनी हुई है, इस बीच कई राष्ट्रप्रमुखों ने व्लादिमीर पुतिन और वलोडिमिर जेलेंस्की से हिंसा त्यागकर बातचीत का रास्ता अपनाने का फैसला किया है।
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने वहां से निकल जाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया तथा जोर दिया कि वह राजधानी में ही रुकेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यहां जंग जारी है।’’ यूक्रेन के अधिकारियों ने रूसी हमलों को रोकने में कुछ सफलता हासिल करने की सूचना दी। यह तुरंत स्पष्ट नहीं है कि कीव में सैनिक कितनी दूर आगे बढ़ चुके है। यूक्रेनी अधिकारियों ने हमलों को रोकने में कुछ सफलता हासिल करने की सूचना दी, लेकिन राजधानी के पास लड़ाई जारी रही। दो दिनों के घमासान के बाद हुई झड़पों में सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं और पुलों, विद्यालयों और अपार्टमेंट की इमारतों को भारी नुकसान हुआ है।
अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने और इसे अपने शासन के अधीन करने को दृढ़ हैं। रूस का दावा है कि यूक्रेन पर उसके हमले का उद्देश्य केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना है, लेकिन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप के सबसे बड़े जमीनी युद्ध के दौरान नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं। कीव के मेयर विटाली क्लिचस्को ने कहा कि कीव के दो असैनिक हवाई अड्डों में से एक के पास एक ऊंची इमारत पर मिसाइल से हमला किया गया जिससे इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।एक बचाव कार्यकर्ता ने कहा कि इसमें छह नागरिक घायल हो गए। मेयर क्लिचस्को ने शहर में रूसी सैनिकों के हमले के चलते कर्फ्यू की अवधि को बढ़ा दिया है।