UP Assembly Election 2022 : गोरखपुर शहर से विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा ने जारी की कई प्रत्याशियों की सूची

भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कुछ सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा की गई। 107 प्रत्याशी घोषित, 63 सिटिंग को मिला टिकट, 21 का टिकट कटा। 20% नए चेहरे। 21 नए चेहरे घोषित।

नई दिल्ली। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के 58 में से 57 और दूसरे चरण के 55 में से 48 सीटों के उम्मीवारों की घोषणा कर दी गई। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की कि केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए कहा है। इसके साथ ही राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज के सिराथु सीट से भाजपा के उम्मीदवार होंगे।

मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि एक कल्याणकारी, सर्वस्पर्शी और संवेदनशील शासन पिछले 5 साल में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में दिया है। हमें विश्वास है कि 2022 के इस महापर्व में उसी स्पष्टता के साथ यूपी के जनता पुनः हमें आशीर्वाद देगी। आज गरीब कल्याण नई आशा और नया भरोसा उत्तर प्रदेश में मोदी जी के नेतृत्व में बढ़ा है। योगी जी की सरकार ने पिछले 5 साल में दंगाइयों, गुंडाराज, भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसी है। उत्तर प्रदेश की बेटियां आज रात में भी निडर होकर घूम सकती हैं।

पार्टी के यूपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कांफ्रेंस कर सूची जारी की है। प्रभारी ने दावा किया है कि 2017 की तरह 2022 में भी भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत से यूपी में सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि 2017 में जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत का जनादेश दिया था। योगी सरकार ने पिछड़े पांच साल में, दंगाइयों व भ्रष्टाचारियों पर रोक लगाई है। अब प्रदेश में रात को 12 बजे भी एक महिला घर से बाहर निकल सकती है। प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। प्रदेश में इंफ्रांस्ट्रक्चर का जाल बिछाया जा रहा है। जेवन एयरपोर्ट बन रहा है। एक्सप्रेस वे बन रहे हैं। यह भाजपा सरकार की नीतियों का ही प्रभाव है कि यूपी आज बीमारू राज्य नहीं है बल्कि विकास का सिरमौर बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि यूपी की जनता एक बार फिर हम 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।