UP News : खुशी बदली गम में, शादी समारोह में एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत

शादी के लिए बुधवार की रात करीब 9 बजे कुआं पूजन की रस्म के लिए महिलाएं इकठ्ठा हुई थीं। इसी दौरान कुएं ज्यादा वजन होने से के मुंडेर पर लगी जाली टूट गई और बच्चियां, महिलाएं कुएं में गिर गईं। कुएं में पानी भरे होने की वजह से महिलाएं कुएं में डूब गईं।

कुशीनगर (उत्तर प्रदेश)। कई बार हम करते हैं कुछ और हो हाता है कुछ। तैयारी थी खुशियां की। शादी में पूरा परिवार और सगे-संबंधी लगे हुए थे। अचानक समय चक्र ऐसा चला कि सबकुछ मातम में बदल गया। घटना उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की है। बुधवार रात हुए एक हादसे में कम से कम 13 महिलाओं और बच्चियों की मौत हो गई है। जिले के नौरंगिया गांव में एक घर में शादी समारोह के दौरान ये हादसा हुआ, जब यहां जमा महिलाएं एक रस्म को निभाते हुए कुएं में गिर गईं। कुएं से 13 लड़कियों और महिलाओं के शव निकाले जा चुके हैं। मरने वालो की संख्या और बढ़ने का अंदेशा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सरकार से पीड़ित परिवारों की मदद करने की मांग की है।

जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने बृहस्पतिवार को बताया कि नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया टोला में बुधवार रात करीब 10 बजे परमेश्वर कुशवाहा नामक व्यक्ति के घर में शादी के लिए हल्दी की रस्म हो रही थी और कुछ महिलाएं और लड़कियां कुएं के ऊपर लगे जाल पर बैठकर रस्म अदा कर रही थीं। इस दौरान वह जाल टूट गया और उस पर बैठे सभी लोग कुएं में जा गिरे।

अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में कुल 13 लोगों की मौत हुई है। इनमें पूजा (19), शशि कला (15), शकुंतला (35), ममता देवी (35), मीरा (25), पूजा (20), परी (एक), ज्योति (15), राधिका (16), सुंदरी (15), आरती (10), पप्पी (20) और मनु (18) शामिल हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में करीब 10 अन्य लोग जख्मी भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।