पर्यावरण सुरक्षित तो हम सुरक्षित

 

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद पार्क में आनंदमय भारती फाउंडेशन द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल को समर्पित था। संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं भाजपा विनोद नगर मंडल के उपाध्यक्ष बसंत झा ‘वत्स’ ने बताया, “हमारा लक्ष्य सौ पेड़ लगाना है। अब तक 50 पेड़ लगाए जा चुके हैं और अगले कुछ दिनों में 50 और लगाए जाएंगे। हमने बेल, नीम, जामुन, पीपल, अमरूद जैसे पौधों का चयन किया है, जो पर्यावरण के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।”

बसंत झा ने कहा, “पर्यावरण सुरक्षित तो हम सुरक्षित। आज के दौर में हर व्यक्ति को पर्यावरण की रक्षा में भागीदार बनना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के अभियान को जन-जन तक पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। हमने पर्यावरण दिवस पर भी 25 पेड़ लगाए थे और यह अभियान पूरे महीने भर चलेगा।”

आनंदमय भारती फाउंडेशन सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहती है। संस्था न सिर्फ वृक्षारोपण करती है बल्कि समाज की धार्मिक आस्था से जुड़ी जिम्मेदारियां भी निभाती है। फाउंडेशन के सदस्य उन खंडित मूर्तियों और पूजन सामग्री को एकत्र कर विधिवत विसर्जन करते हैं जिन्हें लोग अक्सर पार्कों या पेड़ों के नीचे फेंक देते हैं।

संस्था समय-समय पर दुर्गा पूजा, सरस्वती पूजा, राम जानकी महोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी करती रही है।

आज के वृक्षारोपण कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष बसंत झा ‘वत्स’ के साथ विनय झा, सूर्यनंद झा, सोनू झा, उग्र नारायण चौधरी, सुधीर कुमार, राजेश तलवार सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर पर्यावरण संरक्षण के इस पुनीत कार्य में योगदान दिया।