74वीं पुण्यतिथि पर राष्ट्रपिता को राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने राजघाट जाकर दी श्रद्धांजलि

भारत की स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नायक मोहनदास करमचंद गांधी(महात्मा गांधी) की मृत्यु 30 जनवरी 1948 को हुई थी। देश इस साल गांधी जी की 74वीं पुण्यतिथि मना रहा है।

नई दिल्ली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 74वीं पुण्यतिथि पर उनके समाधि स्थल राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है। यहां रविवार की सुबह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई गणमान्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें राजघाट पर श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की 74वीं पुण्यतिथि पर रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके आदर्श विचारों को और अधिक लोकप्रिय बनाने का हमारा सामूहिक प्रयास है। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘बापू की पुण्यतिथि पर उन्हें याद कर रहा हूं। उनके आदर्श विचारों को और अधिक लोकप्रिय बनाने का हमारा सामूहिक प्रयास है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज शहीद दिवस पर उन सभी महान लोगों को श्रद्धांजलि देता हूं जिन्होंने वीरतापूर्वक हमारे देश की रक्षा की। उनकी सेवा और बहादुरी हमेशा याद की जाएगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनको याद किया है। अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, ”महात्मा गांधी जी ने हर भारतीय के हृदय में स्वदेशी, स्वभाषा और स्वराज की अलख जगाई। उनके विचार और आदर्श सदैव हर भारतवासी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। आज पूज्य बापू की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन कर श्रद्धांजलि देता हूं।”

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ”मैं महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करता हूं। शहीद दिवस पर मैं देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”