मुश्किलें हैं, फिर भी काम कर रही हैं सीएम आतिशि

नई दिल्ली। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशि के नए घर में पहुंच गया दिल्ली के उपराज्यपाल का गतिरोध। यह गतिरोध तब पहुंचा जब गुरुवार को मुख्यमंत्री आतिशी को सिविल लाइंस बंगला खाली करने के लिए कहा गया। आतिशी ने दो दिन पहले ही अपना कुछ सामान सिविल लाइंस के 6, फ्लैगस्टाफ रोड पर शिफ्ट किया था। पीडब्ल्यूडी ने बुधवार को बंगले पर कब्जा कर लिया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। गुरुवार को AAP ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के ‘इशारे’ पर एलजी वीके सक्सेना ने उन्हें दिल्ली सीएम के आधिकारिक आवास से ‘बाहर निकाल दिया। इन सबके बीच आप ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें आतिशी पैक किए गए सामान के बीच एक फाइल पर हस्ताक्षर करते हुए देखी जा सकती हैं। तस्वीर में ये दिखाया गया है कि कमरे में सामान से भरे कार्टन रखे गए हैं और उनके बीच एक सोफा पर बैठकर सीएम आतिशी फाइलों पर हस्ताक्षर कर रही हैं। आप ने पोस्ट किया कि ये होता है जनता के लिए काम करने का जज़्बा। भाजपा के एलजी दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री आतिशी का आवास छीनकर सीएम हाउस से उनका सामान तो बाहर फिकवा सकते हैं लेकिन जनता की सेवा और काम करने के जज्बे को नहीं छीन सकते। आतिशी इस आवास में 7 अक्टूबर को शिफ्ट हुई थीं। लेकिन 8 अक्टूबर को दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बड़ा आरोप लगा दिया। उन्होंने दावा किया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष सचिव को पत्र लिखकर चाबी सौंपने का अनुरोध किया गया है।