नोएडा। यदि आपमें जुनून है, जोश है और किसी का साथ मिल गया, तो जीवन में कई तरह के बदलाव आते हैं। ऐसा ही हुआ है एक नौजवान के साथ। वो पूरे मन से मेहनत कर रहा था। रात के अंधेरे में वरिष्ठ पत्रकार और फिल्मकार विनोद कापड़ी की नजर पड़ी। एक वीडियो बना और उसे वायरल कर दिया गया। देखते देखते की नोएडा के जिलाधिकारी सहित कई दूसरे हाथ प्रदीप के लिए आगे बढ़ा।
प्रदीप की मुलाकात मंगलवार को गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहस एलवाई से हुई। मुलाकात के बाद सुहास एलवाई ने कहा , ‘‘ प्रदीप मेहरा हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत बने हैं, मैं भी प्रदीप का फैन हो गया हूं। मैंने उनसे बात की है और उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी मां के स्वास्थ्य के इलाज के लिए उन्हें मदद मुहैया कराई जाएगी। हमने उसके इलाज के लिए बात की है।’’ जिलाधिकारी ने प्रदीप को अपने करियर के लिए सभी विकल्पों का पता लगाने के विकल्प दिए। उन्होंने कहा , ‘‘ हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उसे सर्वोत्तम सुविधाएं प्राप्त हों।’’
प्रदीप मेहरा मूलत: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले का रहने वाला है। उसने बताया कि वह अपने बड़े भाई के साथ नोएडा में रहता है। उसे सुबह आठ बजे तक उठकर अपने भाई के लिए खाना तैयार करना होता है। उसकी मां अस्पताल में भर्ती है। प्रदीप नोएडा सेक्टर-16 में एक रेस्टोरेंट चेन के लिए काम करता है। रात 11 बजे काम खत्म करने के बाद सेक्टर 16 से बरौला स्थित किराए के कमरे तक रोजाना दस किलोमीटर दौड़ लगाता है।
उत्तराखंड: पिता तोड़ते है पत्थर, आपदा में टूट चुका मकान, वायरल बॉय प्रदीप के संघर्ष की कहानी https://t.co/4jEWZiWRqn
— Vinod Kapri (@vinodkapri) March 22, 2022
फिल्म निर्माता और पत्रकार विनोद कापड़ी ने रविवार की शाम को दो मिनट 20 सेकंड का यह वीडियो ट्विटर पर डाला। लिखा, ‘नोएडा की सड़क पर कल रात 12 बजे मुझे ये लड़का कंधे पर बैग टांगे बहुत तेज दौड़ता नजर आया, मैंने सोचा- किसी परेशानी में होगा, लिफ़्ट देनी चाहिए. बार-बार लिफ्ट का ऑफर किया, पर इसने मना कर दिया। वजह सुनेंगे तो आपको इस बच्चे से प्यार हो जाएगा।’ इस ट्वीट की उन्होंने ‘खरा सोना’ शीर्षक दिया। कुछ ही घंटों में यह वायरल हो गया और उसे लाखों लोगों ने रिट्वीट और रिपोस्ट भी किया।















