Delhi News : निगम चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी की जोरदार तैयारी

पूरी दिल्ली एमसीडी की सत्ता में बैठी भाजपा के खिलाफ लामबंद हो रही है। दिल्ली वाले भाजपा को एमसीडी से बाहर करने के लिए एकजुट हो चुके हैं। वहीं लोगों ने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी और उनके कामों की तारीफ में बहुत कुछ कहा।

नई दिल्ली। अगले साल होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी जनता के बीच अपनी सरकार के कामकाज को लेकर जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीतियों का लाभ आम जनता को मिला और आगे भी मिलता रहा है। पार्टी पदाधिकारियों इन्हीें बातों को कहकर पार्टी सदस्यता अभियान चला रहे हैं। आम आदमी पार्टी के ‘एमसीडी में बदलाव’ कैंपेन का पहला दिन सफल रहा। पहले दिन 1.5 लाख लोगों ने ‘आप’ की सदस्यता ली। प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय और वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बीते शनिवार को इस बदलाव कैंपेन की शुरुआत की थी।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि पूरी दिल्ली एमसीडी में भाजपा के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है। पिछले 15 सालों से शासन में भाजपा ने एमसीडी को बर्बाद कर दिया है। इसलिए एमसीडी में अब बदलाव का समय आ चुका है। अब भाजपा को एमसीडी से उखाड़ फेंकने का समय आ चुका है। इसी के मद्देनज़र आम आदमी पार्टी ने ‘एमसीडी में बदलाव’ कैंपेन की शुरुआत की है।

इस बदलाव अभियान के जरिए अगले एक महीने में 50 लाख लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। 8882828282 पर मिस कॉल कर आम आदमी पार्टी के सदस्य बनें और देश को बदलने के इस आंदोलन से जुड़े। आम आदमी पार्टी के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि पिछले 15 सालों के कुशासन, भ्रष्टाचार और जिस प्रकार से दिल्ली को गंदा किया गया है उसको लेकर आम आदमी पार्टी ने बदलाव का कैंपन शुरू किया है। जिसमें दिल्ली वालों ने अभूतपूर्व तरीके से दिलचस्पी दिखाई। मात्र 24 घंटों में करीब 1.5 लाख लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सबने यह शपथ लिया कि आगामी एमसीडी चुनाव में इस बार एमसीडी को भारतीय जनता पार्टी से आज़ाद करेंगे।