छत्तीसगढ़ और झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई, कई नक्सली ढेर

दंतेवाड़ा के फरसपाल इलाके में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के साथ मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए। इनमें से 2 के सिर पर 1 लाख रुपये का इनाम था। झारखंड के जंगल में नक्सलियों और पुलिस के बीच फायरिंग में एक इनामी नक्सली घायल हो गया।

नई दिल्ली। नक्सल प्रभावित इलाकों में समय समय पर सुरक्षा बलों द्वारा कार्रवाई की जाती रही है। छत्तीसगढ में नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई, वहीं झारखंड में पुलिस बल ने नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई की है। दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में दो इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों को मार गिराया है।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के फरसपाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढोलकाल और पेड़ापाल गांव के मध्य जंगल में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों मिलिशिया प्लाटून कमांडर बिरजू काकेम, रेंज पार्टी कमेटी के उपाध्यक्ष जग्गू काकेम और मिलिशिया प्लाटून सदस्य अजय ओयामी को मार गिराया है।

फरसपाल थाना क्षेत्र के में भैरमगढ़ एरिया कमेटी के नक्सलियों की गतिविधि की सूचना के बाद सुरक्षा बलों को रवाना किया गया था। सुरक्षा बल के जवान जब शाम छह बजे करीब ढोलकाल और पेड़ापाल गांव के मध्य जंगल में थे तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर तक गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। बाद में जब सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से तीन नक्सलियों का शव, तीन देसी हथियार, पांच पिट्ठू, तीन किलोग्राम का एक बारूदी सुरंग और अन्य सामान बरामद किया गया।

वहीं, झारखंड पुलिस की ओर से गुमला क्षेत्र में नक्सलियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई। गुमला के पुलिस अधीक्षक एचपी जनार्दन ने बताया कि पुलिस ने संयुक्त रूप से कोबरा, जेजे और CRPF के साथ एक अभियान चलाया था। आज जंगल में नक्सलियों और पुलिस के बीच फायरिंग में एक इनामी नक्सली घायल हो गया। डॉक्टर ने इसे मृत घोषित कर दिया। इसपर गुमला में 86 मामले और पूरे झारखंड में 113 मामले दर्ज़ हैं।