भड़काऊ नारेबाजी के मामले में अश्विनी उपाध्याय सहित सभी छह लोगों की हुई गिरफ्तारी

नई दिल्ली। जंतर मंतर पर भड़काऊ नारेबाजी की गई थी। इसकी शिकायत हुई। घटना रविवार की थी। दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी सभी छह लोगों को गरफ्तार कर लिया है। इसकी सूचना दिल्ली पुलिस की ओर से दी गई है।
मंगलवार को दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया कि रविवार को जंतर-मंतर के पास भड़काऊ नारेबाजी के मामले में सभी छह लोगों, अश्विनी उपाध्याय, विनोद शर्मा, दीपक सिंह, विनीत क्रांति, प्रीत सिंह और दीपक को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। जंतर-मंतर के पास भड़काऊ नारेबाजी के मामले पर DCP नई दिल्ली दीपक यादव ने कहा कि एक संप्रदाय के​ खिलाफ कुछ लोगों के टिप्पणियां करने का एक वीडियो सामने आया था, 8 अगस्त को हमने एक FIR दर्ज़ की। हमने वीडियो की जांच करने के बाद 6 लोगों को गिरफ़्तार किया है, इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इससे पहले अश्विनी उपाध्याय ने कहा था कि जब तक वो जंतर-मंतर पर थे, वहां पर किसी भी तरह की कोई भी नारेबाजी नहीं हुई थी, जिस बारे में बात की जा रही है, उसके बारे में कुछ जानकारी नहीं है।

बता दें कि जंतर-मंतर पर दो दिन पहले रविवार को भारत जोड़ो आंदोलन की तरफ से एक प्रदर्शन किया जा रहा था, जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल होने पहुंचे थे। बताया यह भी जा रहा है कि बीजेपी प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने लोगों से जंतर-मंतर पर इकट्ठा होने का आह्वान किया था। इस बीच भीड़ में से कुछ लोगों ने विशेष समुदाय के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।