बिहार सरकार कोरोना और बाढ़ की चुनौतियों से निबटेगी: उपमुख्यमंत्री

कोरोना संक्रमण काल में पीड़ितों को कम्युनिटी किचेन से मिल रहा है लाभ। प्रत्येक प्रखंड में एक अतिरिक्त कम्युनिटी किचन कल से शुरू होगा।

पटना। बिहार के उप मुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद दो दिवसीय दौरे के क्रम में आज कटिहार जिला के बारसोई अनुमंडल में कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज एवं देखभाल हेतु किये जा रहे इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण से पीड़ित लोगों के राहत एवं बचाव के लिए काम कर रही है तथा इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम हेतु हर संभव प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि कटिहार जिला अंतर्गत बाढ़ एवं कोरोना की चुनौतियों से हम सब मिलकर निपटेंगे। कोरोना से पीड़ित परिवार के परिजनों तथा लॉकडाउन के कारण प्रभावित लोगों के भोजनादि की सुविधा हेतु सरकार ने कम्युनिटी किचेन की व्यवस्था सुनिश्चित की है। सरकार की मंशा है कि लॉकडाउन की अवधि में कोई भूखा नहीं सोए। उन्होंने कहा कि पीड़ित लोगों की सुविधा के लिए प्रत्येक प्रखंड में एक अतिरिक्त कम्युनिटी किचेन कल से शुरू किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि संचालित कम्युनिटी किचेन में गर्म पानी, गुणवत्तापूर्ण गर्म भोजन के साथ-साथ थर्मल स्क्रीनिंग की भी व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच कोरोना नियमों एवं निर्देशों की जानकारी हेतु जागरूकता के उद्देश्य से पर्ची भी छपवा कर वितरित कराई जाए। साथ ही, आवश्यकतानुसार स्थिति का आकलन कर एंटीजन जांच की भी व्यवस्था रखी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में संक्रमण का दर अपेक्षाकृत बढ़ा है। इसलिए जांच का दायरा बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही, होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की दैनिक स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है। हाल ही में दो दिन पूर्व सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से तैयार किए गए होम आइसोलेशन आइसोलेशन में रह रहे लोगों के अनुश्रवण हेतु ऐप का लोकार्पण बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के द्वारा किया है। इससे होम आइसोलेशन के लोगों के अनुश्रवण में काफी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए भी सरकार ने चरणबद्ध तरीके से इंतजाम किए हैं। 18 वर्ष से 44 वर्ष आयु तक के सभी नौजवानों के नि:शुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक किए जा रहे हैं। 45 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए भारत सरकार ने नि:शुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि बारसोई अनुमंडल का भौगोलिक क्षेत्र काफी बड़ा है। इसलिए जांच का दायरा भी उस अनुपात में बढ़ाए जाने की जरूरत है। उन्होंने कोरोना संक्रमण हेतु किए जा रहे प्रयासों में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं का सलाह, सुझाव एवं सहयोग लेने की आवश्यकता बतायी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बारसोई अनुमंडल में बियाडा सहयोग से पी.एस.ए. ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट शीघ्र स्थापित होगा। इसके लिए विद्युत व्यवस्था एवं ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य बीएमआईसीएल की ओर से शुरू होना है। मनिहारी में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से पी.एस.ए. ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लग रहा है। कटिहार सदर अस्पताल में यह पहले ही लग चुका है। मेरा प्रयास है कि कटिहार जिला को सरकार द्वारा मुहैया कराई जा रही किसी भी संसाधन में कमी नहीं हो। उन्होंने कहा कि कटिहार को पूर्व में 12 बायो पेप मशीन मुहैया कराई गई थी। 5 अतिरिक्त बायोपेप और मिल रही है, अर्थात् कुल मिलाकर 17 बायो पेप मशीन कटिहार जिले को उपलब्ध होगी, जो जिलाधिकारी और सिविल सर्जन की देखरेख में आवश्यकतानुसार स्थानीय अस्पतालों को मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने एंबुलेंस के संचालन को बेहतर तरीके से रेगलेट करने की आवश्यकता बतायी।