Bihar News : तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर बड़ा हमला, नौकरशाह भी करते हैं पार्टी कार्यकर्ता की तरह काम

नियमों के विपरीत अधिकारियों को नीतीश कुमार एक ही स्थान पर रखती है। चुनावी समय में उससे चुनावी मैनेजमेंट का काम लेती है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के शासन व्यवस्था पर सवाल उठाया है।

पटना। राजद नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर उपचुनाव के दौरान बड़ा हमला किया है। इससे पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद भी नीतीश सरकार की चुनावी मंचों से आलोचना कर चुके हैं। राजद नेताओं का कहना है कि बिहार की जनता नीतीश सरकार की नीतियों से उकता गई है। वह अब मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश को बर्दाश्त नहीं कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि कल 2 जगह ऐतिहासिक चुनावी जनसभा हुई। जनता चोर दरवाजे से आई सरकार से छुटकारा चाहती है। बिहार के मुख्यमंत्री चिंतित हैं, अपने भविष्य और वर्तमान को लेकर डरे हुए हैं। उपचुनाव की दोनों सीटिंग सीट जेडीयू की हैं।


एक सवाल के जवाब में तेजस्वी यादव ने कहा कि दिलीप कुमार झा दरभंगा ज़िले में DSP के तौर पर 4 साल से भी ज्यादा समय तक पोस्टिंग रही है। 3 साल से ज्यादा किसी अधिकारी को एक जगह नहीं रहना होता। पुलिस का काम न करके जेडीयू वर्कर का काम करते हैं। शिकायत के बाद 1 महीने पहले इनका ट्रांसफर बगहा कर दिया गया। चुनाव की घोषणा के बाद उनकी दरभंगा में पोस्टिंग कर दी जाती है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट तौर पर दरभंगा के इंचार्ज को जांच की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए कहा। लेकिन प्रशासन चुनाव आयोग की बात नहीं सुन रहा। दिलीप कुमार झा को 25 बूथ की ज़िम्मेदारी दी जाती है।