मध्य प्रदेश में ‘कांग्रेस’ अब ‘कमलनाथ कांग्रेस’ हो गई है: नरोत्तम

भोपाल। मध्य प्रदेश के गृह, जेल, विधि और विधायी कार्य और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि राज्य की ‘कांग्रेस’ अब ‘कमलनाथ कांग्रेस’ हो गई है। पार्टी का आम कार्यकर्ता कुछ नहीं कर सकता है। कांग्रेस पार्टी के सारे नियम कायदे सिर्फ कार्यकर्ताओं के लिए हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस अंतर्कलह से जूझ रही है। कांग्रेस एक डूबता जहाज है और इसमें कोई बैठना नहीं चाहता है।

दरअसल, उन्होंने गुरुवार को सिलसिलेवार ढंग से एक के बाद एक मीडिया के बीच अपनी बात साझा करने के वीडियो ट्वीट किए हैं। जिसमें उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भी आड़े हाथों लिया है। पूर्व सीएम दिग्विजय को लेकर उन्होंने लिखा, ”दिग्विजय सिंह जी ने पहले पूरी कांग्रेस को उधेड़कर फेंक दिया और अब वह हमारे सूटों की सिलाई पर ध्यान दे रहे हैं। दिग्विजय जी कांग्रेस में जैमर का काम कर रहे हैं, जो बचा खुचा कांग्रेस का नेटवर्क है, उसको भी ध्वस्त करके मानेंगे।’

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘दिग्विजय सिंह जी मध्यप्रदेश में अपने चुनावी दौरे के जरिए कांग्रेस पार्टी को निपटाने का काम कर रहे हैं।” साथ ही उनका कहना है कि देश में मोदी जी के नाम की सुनामी चल रही है और विपक्षी नेताओं को मालूम है कि वह सब इसमें उड़ जाएंगे इसलिए एक दूसरे का हाथ पकड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ये सब जानते हैं कि उड़ जाएंगे, इसलिए एक दूसरे का हाथ पकड़ लो, विज्ञान का सिद्धांत है कि जब कोई फ्यूज सर्किट होता है वह दूसरे सर्किट को भी फ्यूज कर देता है और इसलिए ये फूके बल्वों की जो झालरें हैं, ये अब रोशनी नहीं दे पाएंगी, यह देश समझता है ये चुनाव के समय इकट्ठे हो जाते हैं, झूठे सच्चे वादे करते हैं और चुनाव के बाद सब भूल जाते हैं।