नई दिल्ली। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपने पिता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की 18वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी समेत कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।
पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक और NCR से आए लोग शामिल हुए। मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, “आज हम सभी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की 18वीं पुण्यतिथि पर हवन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और याद किया। NCR से हजारों लोग आते हैं और उन्हें याद करते हैं, जिनसे वे जुड़े हुए थे।”
प्रवेश वर्मा ने आगे कहा, “पिता जी के जो सपने थे, उन्हें पूरा करना ही हमारा संकल्प है और हम उसी दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उनका जीवन सेवा, सादगी और संघर्ष का प्रतीक रहा है, और हम उनके आदर्शों पर चलने का प्रयास कर रहे हैं।”
इस मौके पर उपस्थित नेताओं और श्रद्धालुओं ने भी साहिब सिंह वर्मा के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।















