Delhi News, CM अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सरकारी स्कूलों को लेकर जारी किया वीडियो संदेश

एक वीडियो संदेश के जरिए सी एम ने कहा कि हमने दिल्ली के सरकारी स्कूल शानदार कर दिए हैं, अब पंजाब के स्कूलों को भी ठीक करेंगे और 24 लाख बच्चों का भविष्य सुनहरा बनाएंगे। सरकारी स्कूलों को शानदार बनाने के लिए हमें सिर्फ पंजाब के लोगों का साथ चाहिए।

नई दिल्ली। Delhi CM अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सरकारी स्कूलों में बदहाल शिक्षा व्यवस्था को दिल्ली की तरह दुरुस्त करने को लेकर एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस वीडियो संदेश में अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि पंजाब में शिक्षा का बहुत बुरा हाल है। पंजाब के सरकारी स्कूलों में गरीबों के, दलितों, एससी भाईचारे के 24 लाख से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं।

जरा सोचिए, बदहाल सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले इन 24 लाख बच्चों का क्या भविष्य है? पहले पंजाब के सरकारी स्कूलों की तरह दिल्ली के सरकारी स्कूल भी बहुत खराब हुआ करते थे। हम लोगों ने बहुत ही मेहनत करके दिल्ली के बदहाल स्कूलों को बढ़िया बनाया है। दिल्ली के सरकारी स्कूल इतने अच्छे हो गए हैं कि इस साल दिल्ली के 2.50 लाख बच्चों ने प्राइवेट स्कूलों से नाम कटवाकर हमारे सरकारी स्कूलों में दाखिला लिए हैं। तो क्या पंजाब के स्कूल भी दिल्ली की तरह बढ़िया होने चाहिए या नहीं होने चाहिए?

CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चन्नी साहब कह रहे हैं कि पंजाब के सरकारी स्कूल पूरे देश के सरकारी स्कूलों से बढ़िया हैं। इन्हें ठीक करने की कोई जरूरत नहीं है। तो आप को क्या लगता है कि पंजाब के सरकारी स्कूल सचमुच देश में सबसे बढ़िया हैं? आगे वह कहते हैं, पिछले 75 साल से इन राजनीतिक पार्टियों ने जानबूझ कर सरकारी स्कूलों को खराब रखा, ताकि गरीब और एससी भाईचारे के लोग आगे न बढ़ सकें। मुझे सियासत नहीं आती है। मुझे तो सिर्फ पंजाब के अंदर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 24 लाख बच्चों के भविष्य की फिक्र है। हम इन बच्चों का भविष्य और खराब नहीं होने देंगे। हम सब मिल कर सरकारी स्कूलों को ठीक करेंगे’।