Delhi News : केजरीवाल ने फैला दी सनसनी, ईडी गिरफ्तार कर सकती है स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को

नई दिल्ली। दिल्ली की राजनीति में एक नया वबंडर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आशंका जताई है कि दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी गिरफ्तार कर सकती है। यह बयान उन्होंने पंजाब विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर दिया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हमें अपने सूत्रों से पता चला है कि पंजाब चुनाव के पहले आने वाले कुछ दिनों में ईडी सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने वाली है। उनके ऊपर पहले भी केंद्र सरकार ने दो बार रेड करवाई थी लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। जब बीजेपी कही चुनाव हार रही होती है तो वो एजेंसी को छोड़ देती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और कार्यकर्ता इन एजेंसियों से नहीं डरते क्योंकि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। बीजेपी अपनी सभी एजेंसियों को ‘आप’ नेताओं के पीछे लगा सकती है। इनमें न केवल सत्येंद्र जैन, बल्कि खुद मुझे, मनीष सिसोदिया, भगवंत मान के घर भी भेज सकते हैं। हम उनका मुस्कुराकर स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पहले उनके आवास, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर और सत्येंद्र जैन के आवास पर रेड और ‘आप’ के 21 विधायकों को भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होना है।

स्वयं दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी कहा है कि ईडी का स्वागत है जब मर्जी वो आए। हो सकता है पंजाब में चुनाव है इसलिए उनका ऐसा प्लान है। पिछले बार भी पंजाब में चुनाव था तभी भी मेरे यहां रेड हुआ था और उन्हें कुछ नहीं मिला था। 2017 में पंजाब चुनाव से पहले भी रेड हुआ था।