Delhi News : विनय कुमार सक्सेना ने ली शपथ, बन गए दिल्ली के नए उपराज्यपाल

नई दिल्ली। दिल्ली के नए उपराज्यपाल के रूप में विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली। उन्हें 22वें उपराज्यपाल के तौर पर दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने शपथ दिलाई। उसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

शपथ के तुरंत बाद विनय सक्सेना ने बड़े संकेत भी दे दिए। उन्होंने कहा कि मैं उपराज्यपाल के तौर पर जनता के लिए काम करूंगा। राजनिवास में कम दिल्ली की सड़कों पर ज्यादा नज़र आऊंगा।

एक घटना में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आज दिल्ली के नए उपराज्यपाल (LG) विनय सक्सेना के शपथ ग्रहण समारोह में बैठने की व्यवस्था में भ्रम की स्थिति को लेकर वॉकआउट कर दिया। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बिना कार्यक्रम पूरा हुए वापस लौटने के संबंध में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने पत्रकारों से कहा कि संसद सदस्यों तक के लिए इन्होंने सीट नहीं रखी हुई है। यह कहते हुए वो नाराज होकर समारोह से चलते बने।

बता दें कि बीते दिनों अनिल बैजल ने निजी कारणों से दिल्ली के उपराज्यपाल के पद से अपना त्यागपत्र दिया था। उसके बाद इनकी नियुक्ति की घोषणा की गई थी।