बर्ड फ्लू की चपेट में दिल्ली भी, संजय झील में मारे गए बतख

नई दिल्ली। बर्ड फ्लू का दायरा बढता ही जा रहा है। कई राज्यों की चिंता बढाने के बाद देश की राजधानी दिल्ली में इसने दस्तक दी है। इसके बाद दिल्ली सरकार तुरंत हरकत में आई। बर्ड फ्लू की वजह से दिल्ली के होटलों और रेस्टोरेंट में चिकन डिश की बिक्री कम हो गई है। एक विक्रेता ने बताया कि काम बहुत कम हो गया है। ग्राहक बहुत कम हैं और पूरी दुकान खाली पड़ी है। सिर्फ 10% काम ही रह गया है। अधिकारियों ने बताया कि बीते कुछ दिन में डीडीए के 14 पार्क में 91 कौवे मृत पाए गए हैं।

बता दें कि दिल्ली की संजय झील को रविवार को 17 और बत्तखों के मृत पाए जाने के बाद ‘अलर्ट जोन’ घोषित कर दिया गया। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इस मशहूर जलाशय तथा पार्क को 10 बत्तखों के मृत पाए जाने के बाद शनिवार को बंद कर दिया था। भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए सभी आठ नमूनों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद दिल्ली में ‘बर्ड फ्लू’ की पुष्टि हो गई है। अधिकारियों ने पहले बताया था कि मयूर फेस-3 के सेंट्रल पार्क में पिछले तीन से चार दिनों में करीब 50 कौवे मृत मिले हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर पूरा सरकारी अमला अलर्ट कर दिया गया। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की ओर से कहा गया कि दिल्ली में बाहर से आने वाले प्रोसेस्ड चिकन पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। जो लोग चिकन और अंडा खाते हैं उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि अगर आप पूरी तरह से पका हुआ चिकन या उबला हुआ अंडा खाते हैं तो आपको संक्रमण नहीं होगा। उपमुख्यमंत्री की ओर से कहा गया कि संजय झील से जो सैंपल लिए गए थे वो पॉजिटिव आए हैं, उस इलाके को सैनिटाइज कर दिया गया है। कुछ सैंपल और भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट आनी है। घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार की पूरी कोशिश है कि इसको फैलने से रोका जाए।

एक चिकन विक्रेता ने बताया, “5-6 दिन से जबसे बर्ड फ्लू की शुरुआत हुई है लोग काफी डरे हुए हैं। इस बाज़ार में बहुत भीड़ होती थी लेकिन अब कस्टमर बहुत कम आ रहे हैं। काम बहुत कम हो गया है। रेट कम होने के बाद भी लोग चिकन नहीं खा रहे हैं। ”