Dilip Kumar passes away : आखिरकार विदा हो गए महान अभिनेता दिलीप कुमार

वो ‘मुग़ल-ए-आज़म’ का बगावती अंदाज़… ‘सलीम’ का अमर किरदार… आप कहीं नहीं जा सकते दिलीप साहब। दिलीप कुमार के पारिवारिक मित्र फैजल फारुखी ने Twitter पर लिखा- बहुत भारी दिल से ये कहना पड़ रहा है कि अब दिलीप साब हमारे बीच नहीं रहे

 

मुंबई। करोड़ों चाहने वालों को रूलाकर परलोक की ओर प्रस्थान कर गए भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता दिलीप कुमार। शहर के हिंदुजा अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस लीं। बीते महीने में वो दो बार सांस लेने में दिक्कत के कारण यहां भर्ती कराए गए थे। उनके निधन पर महान हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी है।

अभिनेता दिलीप कुमार का 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में उनका इलाज करने वाले पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ जलील पारकर ने इस बात की पुष्टि की है। डॉ जलील पारकर ने कहा कि 98 की उम्र में हर इंसान को कुछ न कुछ तकलीफें होती हैं। उनका इलाज हमने सही तरीके से किया है। उम्र का तकाजा था जिसकी वजह से आज सुबह 7: 30 बजे उनका देहांत हो गया। उनको सांस की तकलीफें थीं। हमने बहुत कोशिश की, हम चाहते थे कि उनके 100 साल पूरे हों।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करके अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर संवेदना व्यक्त की हैं। उन्होंने लिखा, “उन्हें पूरे उपमहाद्वीप में पसंद किया गया। उनका निधन एक युग का अंत है। दिलीप साहब भारत के दिल में हमेशा ज़िदा रहेंगे। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा, ”उनका जाना हमारी सांस्कृतिक दुनिया के लिए एक क्षति है। उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हिंदी फ़िल्म जगत के मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार जी का चले जाना बॉलीवुड के एक अध्याय की समाप्ति है। युसुफ़ साहब का शानदार अभिनय कला जगत में एक विश्वविद्यालय के समान था। वो हम सबके दिलों में ज़िंदा रहेंगे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस तरह ट्विट करने अपनी श्रद्धांजलि दी।