श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, 1 जनवरी से वंदेभारत एक्सप्रेस से जा सकेंगे कटड़ा तक

नई दिल्ली। नए वर्ष में मां वैष्णोदवी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की ओर से खुशखबरी दी गई है। नई दिल्ली से कटड़ा तक चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस की सेवा दोबारा बहाल कर दी गई है। इसकी आधिकारिक घोषणा रेल मंत्री पीयूष गोयल ने अपने टिवटर हैंडल से की। अपने ट्विट में उन्होंने लिखा है कि दिल्ली से कटड़ा तक माँ वैष्णोदेवी की यात्रा को ले जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस 1 जनवरी, 2021 से पुनः अपनी सेवायें आरंभ करेगी। माता के सभी भक्तों, व तीर्थयात्रियों का स्वागत करने को भारत की आधुनिकतम ट्रेन एक बार फिर तैयार है। जय माता दी।

दरअसल, पहले यह ट्रेन कोरोना वायरस के चलते बंद कर दी गई थी। इसके बाद पंजाब में किसानों आंदोलन और किसानों के रेल पटरी बाधित करने के कारण रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन का संचालन बंद कर दिया था। धीरे-धीरे कुछ रेलसेवाएं शुरू हुईं और कई अभी भी बंद हैं। उसी के तहत नई दिल्ली से कटड़ा तक चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस की सेवा बहाल हुई। इस घोषणा के बाद जम्मू व कटड़ा के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना था कि रेल सेवाएं पूरी तरह सुचारू होने से बाजार में छाई आर्थिक मंदी दूरी होगी।

कहा जा रहा है कि इस रेलसेवा के शुरू होने से व्यापारियों में खुशी है। जम्मू और दिल्ली के व्यापारियों का कहना है कि बीता साल तो बेहद खराब रहा है। हम उम्मीद करते हैं कि नए साल में कारोबार में गति आएगी। रेलसेवा पूरी तरह बहाल हो जाए तो हमलोगों की स्थिति सुधरनी शुरू हो जाएगी। साथ ही इस रेल के नहीं चलने से श्रद्धालुओं की संख्या में काफी कमी आई थी। उससे होटल और पर्यटन उद्योग बुरी तरह प्रभावित रहा है।