रजत पदक विजेता रवि दहिया से मिले केजरीवाल, दी बधाई और शुभकामनाएं

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक विजेता रवि दहिया को सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कुश्ती में रजत पदक विजेता रवि दहिया से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने रवि दहिया को टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने के लिए बधाई दी।
बता दें कि रवि दहिया के अभ्यास का काफी समय दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में बीता है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मिलने के बाद रजत पदक विजेता रवि दहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री (अरविंद केजरीवाल) ने मुझे शुभकामनाएं दी। सुशील कुमार ने 2008 में कांस्य पदक जीता था उनको देखकर ही मैं आगे बढ़ा। उन्होंने 2012 में रजत पदक जीता था। इसके बाद हर पहलवान को लगने लगा कि जब सुशील कुमार जीत सकते हैं तो हम भी जीत सकते हैं।
असल में, रवि को कुश्ती के 57 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में दो बार के वर्ल्ड चैंपियन रूस के जावुर युगुऐव से हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। युगुऐव रूस से आने वाले सर्वश्रेष्ठ पहलवानों में से एक माने जाते हैं। उन्होंने अब तक करियर में 16 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 15 पदक अपने नाम किए हैं। इसमें 13 स्वर्ण पदक भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि रवि दहिया ने 4 अगस्त को सेमीफाइनल मैच में कजाकिस्तान के नूरइस्लाम सानायेव को मात दी थी। इसी के साथ ओलंपिक्स में कुश्ती के फाइनल में पहुँचने वाले दहिया दूसरे भारतीय बने थे।