COVID Update : महाराष्ट्र के सीएम ने फिर दी चेतावनी, कोरोना को कोई हल्के में न लें

देश में 1 मार्च से कोरोना टीकाकरण अभियान का दूसरा नया चरण शुरू हो रहा है। देश में इसको लेकर नया उत्साह है, लेकिन महाराष्ट्र-केरल जैसे राज्यों में संक्रमण की दर ने सरकारी कामकाज पर असर डाला है।

मुंबई। कोरोना संक्रमण का खतरा टला नहीं है। देश में कई राज्यों में इसकी फिर से वापसी हो रही है। महाराष्ट्र, केरल जैसे राज्यों में सरकार के लिए यह बडी परेशानी बन चुका है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे बार-बार लोगों को चेतावनी दे रहे हैं। बावजूद इसके स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रण में नहीं कहा जा सकता है। सरकारी स्तर पर तमाम सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं

रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपनी बात दोहराई। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन लगाने की हमारी कोई इच्छा नहीं है। लेकिन मजबूरी, यह शब्द बड़ा विचित्र है। मैंने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को कहा कि मास्क पहनें और लॉकडाउन को ना कहें। उद्धव ठाकरे ने राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन लगाने के सवाल पर कहा कि नागपुर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों की वजह से वीकेंड पर बाज़ार बंद हैं।

वहीं, देश में कोरोना की स्थिति पर बात करें, तो केरल में आज 3,254 नए COVID19 मामले और 15 मौतें दर्ज़ की गई। राज्य में 49,420 सक्रिय मामले हैं। 10,05,497 लोग अब तक रिकवर हुए हैं। मरने वालों की संख्या 4,197 है।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, तमिलनाडु और गुजरात में कोरोना वायरस के नए मामले में बढ़ोतरी हुई है। कोरोना वायरस के 86.37% नए मामले इन छह राज्यों से हैं। भारत में पिछले 24 घंटे में #COVID19 के 16,752 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,10,96,731 हुई। 113 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,57,051 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 1,64,511 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,07,75,169 है।