चार राज्यों में शुरू मेगा ड्रिल, नाम दिया प्रोजेक्ट संजीवनी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ओर से बार-बार देशवासियों को आश्वस्त किया जा रहा है कि कोरोना से अब घबराएं नहीं। सतर्क रहें, सरकार आपके लिए वैक्सीन की तैयारी कर रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ हर्षवर्धन भी जनवरी में कभी भी कोरोन वैक्सीन के आने की बात कह चुके हैं। अब केंद्र सरकार के निर्देश पर आज से 48 घंटे के लिए मेगा ड्रिल शुरु किया गया है। इसे प्रोजेक्ट संजीवनी नाम दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय से जुडे अधिकारियों का कहना है कि कोरोना वैक्सीन आने से पहले हम पूरी तरह से देश में टीकाकरण की तैयारियों को परखना चाहते हैं। इसके लिए देश में आज से 48 घंटे की मेगा ड्रिल शुरू की गई है। इसके तहत वैक्सीन को विभिन्न जगहों तक पहुंचाने और उसे प्रभावित लोगों तक लगाने का समय चेक किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान माने जा रहे इस कैंपेन में समूचा सरकारी तंत्र पूरी गंभीरता के साथ जुटा हुआ है। केंद्र सरकार आज से पंजाब, असम, आंध्र प्रदेश और गुजरात में ड्राई रन चला रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस मेगा ड्रिल में कोरोना वैक्सीन लगाने को छोड़कर बाकी सभी चीजों का परीक्षण किया जाएगा। सरकार इस बात को पूरी तरह से परखना चाहती है कि टीके की आपूर्ति, जांच रसीद और आवश्यक डेटा डालना, वैक्सीन प्रक्रिया से जुड़े दल के सदस्यों की तैनाती, एक दूसरे के बीच दूरी बनाने की व्यवस्था परखना और कोल्ड स्टोरेज की स्थिति कैसी है।

यह अभियान असम, पंजाब, आंध्र प्रदेश और गुजरात में चलाया जा रहा है। स्वयं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की ओर से कहा गया है कि इस मेगा ड्रिल से निकले नतीजों पर सरकार की खास नजर रहेगी। इस ड्रिल को लेकर राज्य सरकारें भी गंभीर हैं और वे भी अपने यहां व्यवस्था बनाने में जुटे हैं। बता दें कि प्रोजेक्ट संजीवनी के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर 2.5 मिलियन वैक्सीन स्टोर करने की क्षमता बनाई गई है। यहां पर वैक्सीन को माइनस 20 डिग्री तक के तापमान में रखा जाएगा। एक दिन में ऐसी 54 लाख वैक्सीन का यहां से मूवमेंट किया जाएगा। यह देशव्यापी अभियान आज प्रस्तावित चार राज्यों के जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, निजी अस्पतालों में आयोजित की जा रही है। 48 घंटों के इस अभियान के नतीजों से निकले निष्कर्षों को आधार बनाकर आगे की खामियां सुधारी जाएंगी।