नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) से जैसे ही भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष (BL Santosh) की मुलाकात हुई, उसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि केंद्रीय मंत्रिमंडल का संभावित विस्तार जल्द होगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इसके लिए 7 जुलाई की तारीख निर्धारित की जा सकती है। महामहिम राष्ट्पति रामनाथ कोविंद (Ramnath Kovind) उत्तर प्रदेश की यात्रा से दिल्ली वापस आ गए हैं। दिल्ली में कोविड संक्रमण की दैनिक संख्या भी 100 के नीचे हैं। इसलिए अभी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है।
असल में, 19 जुलाई से संसद का मानूसन सत्र होना है। संसद के इस सत्र में विपक्षी दल कई मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे। उससे पहले किसी भी नए मंत्रियों को विभागीय कागजों और जानकारियों के लिए सप्ताह-दस दिन का समय चाहिए। नहीं तो वे संसद में सदस्यों के सवालों का जवाब कैसे देंंगे। इसलिए अब जल्द से जल्द मंत्रिमंडल विस्तार होगा।
सूत्रों का कहना है कि 7 जुलाई की तारीख पर सहमति बनाई जा रही है। जिन लोगों को मंत्रियों की सूची में नाम है, उन्हें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का फोन जा रहा है। यदि कोई दिल्ली से बाहर है, तो उन्हें कल देर रात तक भी दिल्ली पहुंचने के लिए कहा जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस मंत्रिमंडल विस्तार में 19 नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। बिहार से भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी का मंत्री बनना तय है। जदयू को लेकर संशय की स्थिति है, क्योंकि नीतीश कुमार ने पहले भी अपने नेताओं को मंत्री बनने से मना कर दिया था। हालांकि आरसीपी सिंह के मंत्री पद की शपथ लेने की चर्चा जोरों पर है। लोक जनशक्ति पार्टी का दो धड़ा हो चुका है। एक धड़ा का कहना है कि पशुपति पारस को अमित शाह ने फोन किया है, तो दूसरे ध़डा का कहना है कि चिराग पासवान के गुजरात दौरे में सबकुछ फाइनल हो गया है।
बताया जा रहा है कि इस मंत्रिमंडल विस्तार में झारखंड के कोटे से एक मंत्री का बनना भी तय है। पांच सांसदों के नाम पर विचार चल रहा है। अंतिम निर्णय लिया जा चुका है, केवल औपचारिक घोषणा शेष है। दूसरे राज्यों की बात करें तो योतिरादित्य सिंधिया , अनुप्रिया पटेल, सर्वानंद सोनोवाल और त्रिवेंद्र सिंह रावत है। बताया जा रहा है कि कैबिनेट में चुनावी राज्यों को तरजीह मिल सकती है। मोदी कैबिनेट में वर्तमान में 53 मंत्री हैं। इनमें से कई मंत्रियों को मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।