पुणे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन करने के बाद रविवार को कहा कि केंद्र सरकार मेट्रो रेल समेत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। पुणे मेट्रो परियोजना की कुल लागत 11,400 करोड़ रुपये से अधिक है। प्रधानमंत्री ने 24 दिसंबर, 2016 को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी।
मोदी ने शहर में विभिन्न विकास परियोजनाओं की नींव रखने और उनका उद्घाटन करने के बाद यहां एमआईटी कॉलेज मैदान में एक जनसभा में कहा, ‘‘आज मुझे विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करने और उनकी आधारशिला रखने का अवसर मिला। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे पुणे मेट्रो की आधारशिला रखने का अवसर मिला था और आज आपने इस परियोजना के उद्घाटन के लिए मुझे आमंत्रित किया।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इससे पहले (पूर्ववर्ती सरकारों में) परियोजना की आधारशिला तो रखी जाती थी, लेकिन यह पता नहीं चलता था कि उस परियोजना का उद्घाटन कब हुआ।’’ उन्होंने कहा कि पुणे मेट्रो परियोजना का उद्घाटन यह संदेश देता है कि परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से मेट्रो से यात्रा करने की अपील की। मोदी ने कहा कि तेजी से शहरीकरण हो रहा है और 2030 तक देश की शहरी आबादी 60 करोड़ से अधिक हो जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘शहरों की बढ़ती आबादी से कई अवसर पैदा होते हैं, लेकिन साथ ही कई चुनौतियां भी खड़ी होती हैं। शहरों में पुल एक सीमित संख्या में बनाए जा सकते हैं। बढ़ती आबादी के साथ कितने पुल बनाए जा सकते हैं और हम सड़कों का चौड़ीकरण कैसे करेंगे?’’
Enhancing Pune's development journey, ensuring 'Ease of Living' for the people of this great city. pic.twitter.com/KXHLEJLaSS
— Narendra Modi (@narendramodi) March 6, 2022
मोदी ने कहा, ‘‘ऐसे में हमारे पास एकमात्र विकल्प सार्वजनिक परिवहन है और इसीलिए हमारी सरकार सार्वजनिक परिवहन एवं मेट्रो रेल कनेक्टिविटी में सुधार को महत्व दे रही है।’’ उन्होंने कहा कि इससे पहले दिल्ली और एक या दो अन्य शहरों में मेट्रो ट्रेन थीं, लेकिन अब देश के दो दर्जन से अधिक शहरों में मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन से पहले पुणे मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन किया और एक काउंटर से स्वयं टिकट खरीदकर ट्रेन में यात्रा की।
मोदी ने कुल 32.2 किलोमीटर लंबी परियोजना के 12 किलोमीटर के हिस्से का गरवारे मेट्रो स्टेशन पर उद्घाटन किया और इस स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित आनंदनगर स्टेशन तक मेट्रो की यात्रा की। मोदी ने 10 मिनट की इस यात्रा के दौरान मेट्रो के डिब्बे में मौजूद दृष्टिहीन लोगों समेत दिव्यांगजनों से बातचीत की। गरवारे स्टेशन से मेट्रो ट्रेन में सवार होने से पहले मोदी ने वहां लगाई गई एक परियोजना प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया।














