Pollution News, दिल्ली ही नहीं, आगरा भी है प्रदूषण की चपेट में

प्रदूषण ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। कोहरे की चादर भी देखी जा रही है। आंखों में जलन और सांस लेने की शिकायतें आम नागरिक की बढ़ रही है। ऐसे में इसको लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।

नई दिल्ली। प्रदूषण का दंश केवल राजधानी दिल्ली ही नहीं झेल रही है। राजधानी दिल्ली के अलावे आसपास के कई शहर भी इसकी चपेट में है। कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक खतरे की निशान से अधिक है। आगरा में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 380 रहा तथा दिवाली के बाद सांस संबंधी परेशानियां झेलने वाले लोगों की संख्या बढ़ गयी है।

आगरा  शहर चार नवंबर को दिवाली के बाद से कोहरे में लिपटा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शाम चार बजे यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 380 रहा। सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज के टीबी एवं छाती विभाग के अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा, ‘‘ पिछले 15 दिनों में हमने बढ़ते वायु प्रदूषण के चलते गंभीर सांस संबंधी परेशानियों से ग्रस्त करीब 15 मरीज भर्ती किये हैं। उसके अलावा शुक्रवार को हमारे विभाग में 72 और शनिवार को 65 मरीज आये थे।’’

राजधानी दिल्ली में तो प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमकर आलोचना की है। उनके प्रदूषण के खिलाफ चलाए गए अभियान को पूरी तरह से नाकाफी बताया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मिडिया विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द ने दिल्ली में कहीं पर भी अपने प्रचार में न तो पटाखे नहीं जलाने व प्रदूषणरहित दीवाली मनाने का संदेश दिया और न ही प्रभू श्री राम का जिक्र किया जिनके नाम पर आज  देश भर में दिवाली मनाई जाती है उन्होंने सिर्फ अपना व अपनी पार्टी का ही प्रचार किया। उन्होंने कहा कि आज अरविन्द सत्ता के लालच में इतने स्वार्थी हो चुके है कि उन्हें दिल्ली की जनता की कोई परवाह ही नहीं है।