प्रधानमंत्री आज भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समापन सत्र को करेंगे संबोधित

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के समापन सत्र को संबोधित करेंगे। यह बैठक राजधानी स्थित नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के कन्वेंशन सेंटर में सोमवार को शुरू हुई थी। प्रधानमंत्री मंगलवार सुबह यहां पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित करीब 350 वरिष्ठ नेता इस कार्यकारिणी में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 12 मुख्यमंत्री, पांच उप मुख्यमंत्री और 35 केंद्रीयमंत्री भी हैं।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने सोमवार को उद्घाटन सत्र को संबोधित कर कार्यकर्ताओं से इस साल नौ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया था।
बैठक स्थल तक पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पटेल चौक से लेकर एनडीएमसी कनवेंशन सेंटर तक करीब एक किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया था। इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के कार्यकाल को विस्तार मिल सकता है। हालांकि आधिकारिक तौर पर भाजपा ने इस बारे में कुछ भी नहीं कहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नड्डा का तीन साल का कार्यकाल इस माह पूरा हो रहा है। वह 2024 के लोकसभा चुनाव तक नेतृत्व कर सकते हैं। आज एक आर्थिक प्रस्ताव पर चर्चा होने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों की तैयारियों की समीक्षा होनी है। इससे पहले सोमवार को कर्नाटक और त्रिपुरा सहित ऐसे चार चुनावी राज्यों के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा करते हुए एक राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया गया था।