नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 31 मई को लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान वे सुबह 11:15 बजे भोपाल में आयोजित लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर देवी अहिल्याबाई होलकर पर आधारित एक स्मारक डाक टिकट और ₹300 मूल्य का विशेष सिक्का भी जारी करेंगे। साथ ही, पारंपरिक, आदिवासी और लोक कलाओं में विशेष योगदान देने वाली महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।
भोपाल प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियों के तहत क्षिप्रा नदी पर ₹860 करोड़ से अधिक लागत से घाट, बैराज, स्टॉप डैम और वेंटेड कॉजवे जैसी संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री दतिया और सतना हवाई अड्डों का उद्घाटन करेंगे, जिससे विंध्य क्षेत्र में उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इंदौर मेट्रो की येलो लाइन के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवाओं की शुरुआत भी करेंगे।
प्रधानमंत्री 1,271 अटल ग्राम सुशासन भवनों के निर्माण हेतु ₹480 करोड़ की पहली किस्त भी जारी करेंगे, जो ग्राम पंचायतों के प्रशासनिक कार्यों में मदद करेंगे और स्थानीय शासन को मजबूती देंगे।















