नई दिल्ली। मणिपुर मुद्दे को लेकर लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हो रही थी। उसी समय अपना वक्तव्य वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने भी दिया। कहा जा रहा है कि कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री व अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी की ओर फ्लाइंग किस किया। बस फिर क्या था ? इसको लेकर खूब बयानबाजी हो रही है। करीब डेढ दर्जन महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को इस आशय का पत्र लिखा है और समुचित कार्रवाई की मांग है।
संसद में राहुल गांधी के इस बर्ताव को लेकर स्वयं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि जिनको आज मुझसे पहले(राहुल गांधी) वक्तव्य देने का अधिकार दिया गया उन्होंने जाते-जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन दिए। यह केवल एक स्त्रीद्वेषी व्यक्ति ही हो सकता है जो उस संसद में संसद की महिला सदस्यों के रहते हुए फ्लाइंग किस दे। ऐसे गरिमाविहीन आचरण को इस देश के सदन में कभी नहीं देखा गया। राह चलते सुना था कि औरतों को वो लोग जो कानून का उल्लंघन करते हैं वे इस प्रकार के अभद्र टिप्पणियां अथवा अभद्र संकेत देते हैं। ये नहीं पता था कि गांधी परिवार के संस्कार में भी एक संस्कार ये है।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद का कहना है कि वह फ्लाइंग किस देते हैं। राहुल गांधी को क्या हो गया है? वहां (सदन में) इतनी सारी महिलाएं बैठी हैं। उनमें कोई शिष्टाचार नहीं है।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद शोभा करंदलाजे ने कहा कि पहली बार ये हो रहा है कि संसद के एक सदस्य संसद के अंदर किसी महिला के सामने फ्लाइंग किस दे रहे हैं। वे क्या नेता हैं? हमने आज स्पीकर को शिकायत की है। हमने मांग की है कि CCTV फुटेज देखकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
गले लगाने और आंख मारने की याद दिलाते हुए, राहुल गांधी ने बुधवार को फिर से इसी तरह का इशारा किया। जैसे ही राहुल गांधी ने अपना भाषण समाप्त किया और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ अपना बयान शुरू किया, माना जाता है कि राहुल गांधी ने फ्लाइंग किस किया। इस पल के गवाह रहे लोगों के अनुसार, जब राहुल गांधी अपने अविश्वास प्रस्ताव भाषण के बाद लोकसभा परिसर से बाहर निकल रहे थे, तो उन्होंने कुछ फाइलें गिरा दीं और जैसे ही वह उन्हें उठाने के लिए झुके, कुछ भाजपा सांसद उन पर हंसने लगे।