अभी तक ममता गहलोत सरकार में बतौर महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री शामिल थीं। वह दौसा जिले की सिकराय विधानसभा सीट से एमएलए हैं। उनके अलावा जाहिदा खान 15 नए मंत्रियों में दूसरा महिला नाम हैं। जाहिदा ने अंग्रेजी में शपथ ली। जाहिदा भरतपुर की कामा विधानसभा सीट से विधायक हैं। इससे पहले वह संसदीय सचिव रह चुकी हैं। जाहिदा यहां के बड़े नेता रहे तैयब हुसैन की बेटी हैं। शकुंतला रावत ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। शकुंतला रावत अलवर के बानसूर विधानसभा सीट से दो बार की विधायक हैं। वह महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय महासचिव रह चुकी हैं। महिला चेहरे के तौर पर शकुंतला को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री की शपथ ग्रहण करने के बाद रमेश मीणा ने कहा कि जो मांग थी कि पूरे राजस्थान का प्रतिनिधित्व होना चाहिए वो इस बार मिला है, सफल फेरबदल हुआ है। इससे कांग्रेस मजबूत होगी और जनता में अच्छा संदेश जाएगा।
कैबिनेट मंत्री की शपथ ग्रहण करने के बाद टीकाराम जूली ने कहा कि मैं हमारे आलाकमान और मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद करना चाहूंगा जिन्होंने मुझे मौका दिया। उन्होंने जो मौका दिया है उस पर खरा साबित होकर दिखाएंगे। हम आमजन की दिक्कतों को मजबूती से हल करेंगे।
राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पूरा भरोसा है कि साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ही राजस्थान में सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है और 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक बार फिर सरकार बनायेगी। सब लोग बहुत खुश हैं, आज से हमारी अगले चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। जनता की सरकार से अपेक्षाओं को हम पूरा करके दिखाएंगे।
राज्य मंत्रिपरिषद में 15 नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण से पहले गहलोत ने ट्वीट किया, आज राजस्थान सरकार के मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सभी विधायकों को शुभकामनाएं।’
उन्होंने लिखा, “पिछले 35 महीने में हमारी सरकार ने प्रदेश को संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह सुशासन देने का कार्य किया है। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हमारी सरकार ने प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है।”
गहलोत के अनुसार-हमारे कार्यकाल में हुए विधानसभा उपचुनावों एवं स्थानीय निकायों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत दिलाकर जनता ने हमारी सरकार के सुशासन पर मुहर लगाई है। हम सभी को आने वाले समय में भी जनता के इस विश्वास को बनाए रखना है । इसके लिए पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ कार्य जारी रखना है।