Delhi News : कोहरा और प्रदूषण से राजधानी दिल्ली का है हाल बुरा

कोर्ट की मनाही, सरकार की व्यवस्था को धकियाते हुए दिल्ली एनसीआर में खूब पटाखे चले। नतीजा, शुक्रवार की सुबह प्रदूषण। लोगों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों के पास लोग जा रहे है।

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह-सुबह जब दिल्लीवालों की नींद खुली तो रात के पटाखों का सुबह में भयंकर असर दिखा। शुक्रवार की सुबह दिल्ली में चारों तरफ धुआं-धुआं सा नजारा दिखा। दिवाली के बाद वाली सुबह राजधानी दिल्ली कोहरे की चादर में लिपटी दिखी। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मध्यम कोहरे के कारण दिल्ली के दो हवाई अड्डों आईजीआई (इंदिरा गांधी अन्तरराष्ट्रीय हवाईअड्डा) पालम और सफदरजंग में सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 200 से 500 मीटर के दायरे में दर्ज की गयी।

मौसम विभाग ने कहा, ‘‘आईजीआई पालम में 350 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गयी जबकि शहर की तरफ और खराब 200 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गयी।’’ शहर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े आठ बजे 98 प्रतिशत दर्ज किया गया।

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) जो शाम चार बजे 382 था, वह रात आठ बजे तक बढ़कर ‘गंभीर श्रेणी’ में पहुंच गया क्योंकि कम तापमान और हवा की गति मंद रहने के कारण प्रदूषक तत्वों का बिखराव नहीं हो सका। पटाखे जलाने के चलते रात नौ बजे के बाद दिल्ली के पड़ोसी शहरों फरीदाबाद में एक्यूआई 424, गाजियाबाद में 442, गुरुग्राम में 423 और नोएडा में 431 दर्ज किया गया, जो कि गंभीर श्रेणी में आता है। दिल्ली और इसके आसपास के कई क्षेत्रों के लोगों ने गले में खराश और आंखों से पानी आने की शिकायतें कीं।