Tokyo Olympic की हुई शुरूआत, भारतीय दल का हौसला बढ़ा रहे हैं देशवासी

कोरोना के आशंकाओं के बीच टोक्यो ओलंपिक की शुरूआत हो गई। भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर सहित कई दूसरे नेता अपनी शुभकामनाएं दे रहे हैं।

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक की शुरूआत हो गई। कोरोना महामारी के दौर में इस आयोजन को पूरा विश्व याद रखेगा। भारत के लोग अपने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री और विशिष्ट लोगों ने खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने वर्चुअल तरीके से ही तमाम खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी अपनी शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि 127 खिलाड़ियों के साथ 130 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं और दुआएं हैं। जब सारे खिलाड़ी लौटकर वापिस भारत आएंगे तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यक्तिगत रूप से उन सभी खिलाड़ियों से मिलेंगे। टोक्यो ओलंपिक उद्घाटन समारोह से पहले खिलाड़ियों के साथ संवाद करते हुए केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मनोबल बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में रवाना होने से पहले बहुत सारे एथलीट से स्वयं बात की। किसी भी खिलाड़ी के लिए ये बहुत बड़ा पल है।

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने संदेश में कहा कि आज से टोक्यो में ओलंपिक की शुरुआत हो गई है। हम सभी भारतवासियों के प्यार और उम्मीदों के साथ हमारे सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश को ज़्यादा से ज़्यादा मेडल दिलाएंगे। टीम इंडिया को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।