COVID Update : शनिवार-रविवार को नहीं लगेगा इस बार कोरोना वैक्सीन

देश में सवा करोड से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया चुका है। सरकारी स्तर पर और अधिक लोगों को जोडने की कोशिश जारी है। उसी प्रयास में तकनीकी कारणों से दो दिन के लिए टीकाकरण बंद किया गया है। उसके बाद यह और आयु वर्ग के लोगों के लिए उपलब्ध होगा।

नई दिल्ली। किसी को भी इस शनिवार और रविवार को कोरोना टीका नहीं लगाया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से यह निर्णय लिया गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि ऐसा निर्णय तकनीकी कारणों से लिया गया है। विभाग अब अधिक लोगों को टीकाकरण अभियान में शामिल करना चाहती है। इसके लिए कई स्तर पर तैयारियां की जा रही है। उसी के कारण यह निर्णय लिया गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि को-विन डिजिटल मंच को इस समय को-विन 1.0 से को-विन 2.0 में बदला जा रहा है। इसके मद्देनजर शनिवार और रविवार (27 और 28 फरवरी 2021) को दो दिन तक कोविड-19 टीकाकरण सत्र आयोजित नहीं किए जाएंगे। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इस बारे में पहले ही सूचना दी जा चुकी है। कोविड टीकाकरण की शुरूआत प्रधानमंत्री ने 16 जनवरी को की थी। 1 मार्च 2021 को देशव्यापी टीकाकरण अभियान का विस्तार कर इसमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के साथ-साथ 45 साल से अधिक उम्र के उन लोगों को शामिल किया जाएगा जो अन्य बीमारियों से ग्रस्त हैं।

प्रारंभिक सूचना के अनुसार शुक्रवार की सुबह सात बजे तक 2,78,915 सत्रों में 1,34,72,643 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें से 66,21,418 स्वास्थ्य देखभाल कार्यकर्ताओं (एचसीडल्ब्यू) को पहली खुराक दी जा चुकी है और 20,32,994 स्वास्थ्य देखभाल कार्यकर्ताओं को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। इसके साथ ही अग्रिम पंक्ति के 48,18,231 कार्यकर्ताओं (एफएलडब्ल्यू) को पहली खुराक दी गई है। 13 फरवरी 2021 को उन लाभार्थियों को कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक देने का कार्यक्रम शुरू हुआ जिन्हें पहली खुराक दिए हुए 28 दिन पूरे हो चुके थे। अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं का टीकाकरण 2 फरवरी 2021 को शुरू किया गया था।

बता दें कि 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस के 1,000 से कम सक्रिय मामले हैं। भारत में पिछले 24 घंटे में #COVID19 के 16,577 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,10,63,491 हुई। 120 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,56,825 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 1,55,986 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,07,50,680 है।