UP Assembly Election 2022 : क्यों अब सबकी नजर लग गई है राज बब्बर पर ?

कांग्रेस का एक विकेट और गिरने वाला है। सियासी गलियारों में खबरें तेज हो गई है कि यूपी में कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह के बाद अब सांसद राज बब्बर समाजवादी हो सकते हैं। उनको लेकर सियासी गुणा-भाग लगाया जा रहा है।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश चुनाव में आया राम गया राम दिख रहा है। भाजपा से समावादी पार्टी में। समाजवादी पार्टी से भाजपा में। कांग्रेस से भाजपा में नेताओं को आने का सिलसिला जारी है। गुरूवार को भी भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में दो नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। ये हैं कांग्रेस के राकेश सचान और समाजवादी पार्टी के शिवकांत ओझा। भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, मुख्तार अब्बास नकवी और उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की उपस्थिति में इन दोनों नेताओं ने भाजपा ज्वाइन किया।

अब खबरें तेज हो गई हैं कि कांग्रेस सांसद और अभिनेता राज बब्बर भी कांग्रेस छोड़ने वाले हैं। वे भाजपा में नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी में ज्वाइन करने वाले हैं। द नेशनल बुलेटिन की ओर से उनसे बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे व्यक्तिगत संपर्क नहीं हो पाया। उनके कार्यालय ने किसी प्रकार की टिप्पणी करने से साफ इंकार कर दिया है।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद के एक ट्वीट के बाद इसकी अटकलें तेज हो गई हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा- ‘कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व समाजवादी नेता, अभिनेता जल्दी ही समाजवादी होंगे।’

कांग्रेस ने राज बब्बर को साल 2009 में फिरोजाबाद सीट पर चुनाव लड़ाया, जिसमें उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को मात दी। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें गाजियाबाद सीट से भाजपा उम्मीदवार जनरल वीके सिंह के खिलाफ उतार लेकिन वह चुनाव हार गए। अब तक का आंकड़ा देखें तो राज बब्बर का फिल्मी और राजनीतिक करियर सफल रहा है। वह यूपी के टूंडला के रहने वाले हैं और उन्होंने बॉलीवुड में 250 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। अपने जमाने के वह सुपरस्टार रहे हैं।