उत्तर प्रदेश पुलिस को मिली कामयाबी, उन्नाव केस का किया खुलासा

असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा नाले के पास सूर्यपाल के सरसों के खेत में बेहोशी की हालत में तीन किशोरियां मिली थीं। अस्पताल पहुंचाने पर दो किशोरियों की मौत हो गई थी। एक किशोरी का अब भी इलाज चल रहा है।

लखनऊ। आखिरकार उन्नाव में बच्चियों के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस को बडी कामयाबी मिली है। इसमें एकतरफा प्रेम का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस के अनुसार एकतरफा प्यार में वारदात को अंजाम दिया गया है। किशोरियों को पहले चिप्स खिलाया गया फिर पानी के बहाने कीटनाशक पिला दिया गया था। लखनऊ रेंज की आईजी लक्ष्मी सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक लड़कियों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख और घायल किशोरी को दो लाख दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश पुलिस के लखनऊ रेंज की आईजी लक्ष्मी सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि विनय नाम के व्यक्ति और उसके सहयोगी(नाबालिग) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में विनय ने बताया लॉकडाउन के समय से 3 बच्चियों में से 1 के साथ उसकी अच्छी दोस्ती हो गई, उसे इस बच्ची से प्रेम हो गया। आईजी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि बच्ची ने फोन नंबर देने से इंकार किया और प्रेम प्रोपोजल को भी अस्वीकार कर दिया। विनय ने खेती में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक को पानी की बोतल में मिलाकर रखा था। विनय ने पानी उस लड़की को दिया बाकि लड़कियों ने भी पानी छीन कर पीया और बेहोश हो गई।

बता दें कि बुधवार को असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा नाले के पास सूर्यपाल के सरसों के खेत में बेहोशी की हालत में तीन किशोरियां मिली थीं। अस्पताल पहुंचाने पर दो किशोरियों की मौत हो गई थी। एक किशोरी का अब भी इलाज चल रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण जहर बताया गया था।

पुलिस के हाथ शुक्रवार की सुबह अहम सुराग लगा था। घटनास्थल के पास से फोरेंसिक टीम को चिप्स का पैकेट मिला था। इस पैकेट को सुंघने के बाद खोजी कुत्‍ता एक दुकान की तरफ बार-बार जा रहा था। चिप्स इसी दुकान से खरीदा गया था। पुलिस ने इसी एंगल पर जांच की तो मामला खुलता चला गया। पुलिस ने दुकान से चिप्‍स और नमकीन के पैकेट जब्‍त कर लिये थे।